Myanmar: सेना का विद्रोहियों पर एयरस्ट्राइक, हेलीकॉप्टर से चुन-चुनकर लोगों को मारा, 100 की मौत
म्यामांर विटनेस की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 6 महीनों में देश में 135 इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। ईरावडी के मुताबिक दो साल में वहां 31,022 लोगों की जान जा चुकी है।

म्यांमार में मंगलवार को सेना के हवाई हमले में कम से कम 100 लोगों की जान चली गई। इनमें कई बच्चों की भी मौत हो गई है। ये सभी सैन्य शासन के विरोधियों द्वारा आयोजित एक समारोह में भाग ले रहे थे। एएफपी के मुताबिक इस हमले में 100 मौतें हुई हैं।
म्यांमार की सेना ने दो साल पहले किए गए तख्तापलट के विरोध के गढ़ माने जाने वाले केंद्रीय शहर पाजीगी पर हवाई हमला किया है। ये इलाका सागैंग प्रांत में स्थित है। समाचार रिपोर्टों के मुताबिक ये इलाका मुख्य शहर यांगून से 110 किमी पश्चिम में स्थित है।
हालांकि सत्तारूढ़ सेना के प्रवक्ता ने अब तक इस मामले में सरकार का पक्ष नहीं रखा है। जुंटा का विरोध करने वाले पीपुल्स डिफेंस फोर्स (पीडीएफ) के सदस्य ने रॉयटर्स से कहा है कि उनके स्थानीय कार्यालय के उद्घाटन के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में लड़ाकू विमानों ने गोलीबारी कर दी।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक एक व्यक्ति ने बताया कि सुबह 7 बजे सेना के जेट से बम गिराया गया, जिसके बाद कई हेलिकॉप्टर से फायरिंग शुरू हो गई। ये गोलीबारी लगातार 20 मिनट तक जारी रही। समाचार रिपोर्टों में स्थानीय लोगों का हवाला देते हुए बताया गया है कि हमले में नागरिकों सहित 100 लोगों की मौत हुई है।
अल जज़ीरा के टोनी चेंग ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से बताया कि एमआई-35 हेलीकॉप्टर पीपुल्स डिफेंस फोर्स के कार्यक्रम में आई भीड़ पर गोलियां बरसाते हुए उनका पीछा कर रहे थे। टोनी जेंग ने बताया कि उनके सूत्र ने अब तक 40 मौतों की पुष्टि की थी, लेकिन ये आंकड़ा तेजी से बढ़ा। कई घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
चेंग ने बताया कि म्यांमार की सेना ने कई बार ऐसे हमले किए। बचाव कार्य के दौरान दूसरे हमले में भी कई लोगों की जानें गई हैं। सोशल मीडिया पर इस हमले से जुड़ी कई वीडियो लोगों द्वारा साझा की गई हैं।
एक कथित वीडियो में घरों के बीच लाशें बिखरी हुई दिख रही हैं। एक वीडियो में एक व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "अगर हम आपको चिल्लाते हुए सुनेंगे तो हम आपको बचा लेंगे।" "कृपया चिल्लाओ!"












Click it and Unblock the Notifications