फिर एक रिपब्लिकन ने कहा, कोई मुसलमान न बने अमेरिका का राष्ट्रपति
वाशिंगटन। अमेरिका में अभी रपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप का राष्ट्रपति के धर्म से जुड़ा विवाद थमा भी नहीं है कि एक और विवाद शुरू हो गया है। डोनाल्ड ट्रंप के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में एक और रिपब्लिकन उम्मीदवार बेन कार्सन ने कहा है कि किसी भी मुसलमान को अमेरिका का राष्ट्रपति नहीं होना चाहिए।
कार्सन जो कि एक न्यूरो सर्जन हैं, उनका यह बयान उन्हें विवादों में खड़ा कर सकता है। कार्सन को अमेरिका में ईसाई धर्म और उससे जुड़ी गहरी आस्था के लिए जाना जाता है। कार्सन ने न्यूज चैनल एनबीसी के एक कार्यक्रम में कहा कि वह इस बात का पुरजोर समर्थन करते हैं कि किसी भी मुसलमान को अमेरिका का राष्ट्रपति नहीं होना चाहिए।
पढ़ें-अमेरिका से जुड़ी हर खबर
वह इस बात के खिलाफ हैं कि किसी भी मुसलमान को अमेरिका की सत्ता सौंपी जाए। जब इस कार्यक्रम में कार्सन से पूछा गया कि क्या किसी राष्ट्रपति का धर्म अमेरिका के लिए मायने रखता है तो उन्होंने कहा कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि राष्ट्रपति की आस्था कैसी है।
अगर राष्ट्रपति अमेरिकी मूल्यों और सिद्धांतों से कोई वास्ता नहीं रखते हैं तो यह बात काफी ध्यान देने वाली होगी। कार्सन के मुताबिक अगर राष्ट्रपति का धर्म अमेरिका की प्रभुता और यहां के संविधान के मुताबिक है तब उससे कोई परेशानी नहीं होगी।
हालांकि ट्रंप से अलग कार्सन ने यहां पर राष्ट्रपति ओबामा का बचाव किया है। कार्सन का कहना है कि उन्हें इस बात का पूरा भरोसा है कि ओबामा का जन्म अमेरिका में हुआ था और वह पूरी तरह से ईसाई हैं।
इससे पहले ट्रंप ने एक रैली के दौरान अपने उस समर्थक का हौसला बढ़ाया था जिसने राष्ट्रपति बराक ओबामा को एक मुसलमान और देश की समस्या बताया था। जब ट्रंन से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ओबामा का बचाव करना उनकी जिम्मेदारी नहीं है।













Click it and Unblock the Notifications