4 हजार करोड़ का महल और 8 निजी जेट, अबू धाबी के Nahyan शाही परिवार की लग्जरी लाइफस्टाइल
Abu Dhabi Nahyan Royal Family: अबू धाबी के क्राउन प्रिंस, शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, इस समय अपने दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। यह दौरा दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों का प्रतीक है। इससे पहले, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी फरवरी 2024 में अबू धाबी का दौरा कर चुके हैं।
दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों की यह मजबूती इस साल की दूसरी महत्वपूर्ण मुलाकात है। लेकिन, क्या आपको पता है कि अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के सबसे बड़े बेटे हैं। आइए जानते हैं नाहयान परिवार के बारे में सबकुछ?

कौन हैं शेख खालिद बिन मोहम्मद अल नाहयान?
शेख खालिद का जन्म 8 जनवरी 1982 को हुआ था। उन्होंने अपनी पढ़ाई अमेरिकी यूनिवर्सिटी ऑफ शारजाह से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में बीएससी की और फिर किंग्स कॉलेज, लंदन से युद्ध अध्ययन में पीएचडी की। वे अबू धाबी सरकार के कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। 2023 में, उन्हें अबू धाबी का क्राउन प्रिंस नियुक्त किया गया, जिससे वे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अगले राष्ट्रपति बनने के करीब पहुंच गए हैं। वे अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) के बोर्ड के चेयरमैन भी हैं, जो विश्व की सबसे बड़ी तेल कंपनियों में से एक है।
शेख खालिद का परिवार
शेख खालिद की पत्नी शेखा फातिमा बिन्त सुरूर अल नाहयान हैं। उनके तीन बच्चे हैं-बेटी शम्मा बिन्त खालिद और दो जुड़वां बच्चे मोहम्मद और सलामा। शेख खालिद खेलों में गहरी रुचि रखते हैं, खासकर जू-जित्सु में। उन्होंने अबू धाबी को इस खेल के लिए एक वैश्विक केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
अबू धाबी के नाहयान शाही परिवार की संपत्ति
अबू धाबी का नाहयान शाही परिवार दुनिया के सबसे अमीर परिवारों में से एक है। उनकी कुल संपत्ति का आकलन $150 बिलियन से $200 बिलियन (15,000 करोड़ से 20,000 करोड़ अमेरिकी डॉलर) तक किया जाता है। यह संपत्ति मुख्य रूप से तेल, गैस, निवेश और रियल एस्टेट से आती है।

भारत की जीडीपी की तुलना में?
2024 में, भारत की कुल जीडीपी लगभग $3.73 ट्रिलियन (3.73 लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर) है, जो नाहयान परिवार की संपत्ति से लगभग 18-25 गुना अधिक है। यह दर्शाता है कि परिवार की व्यक्तिगत संपत्ति कितनी विशाल है, लेकिन एक पूरे देश की अर्थव्यवस्था उससे कहीं बड़ी होती है।
4,078 करोड़ का महल, 8 प्राइवेट जेट
नाहयान परिवार का शाही जीवन वास्तव में भव्य है। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (MBZ) के पास 4,078 करोड़ रुपये का एक विशाल महल है, जिसे तीन पेंटागन के बराबर माना जाता है। उनके पास आठ निजी जेट भी हैं। इसके साथ ही, वे दुनिया के मशहूर फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर सिटी के मालिक भी हैं।
तहनून बिन जायद अल नाहयान का निवेश साम्राज्य
राष्ट्रपति अल नाहयान के भाई शेख तहनून बिन जायद अल नाहयान, शाही परिवार की मुख्य निवेश कंपनी की देखरेख करते हैं। यह कंपनी पिछले पांच सालों में 28,000 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज कर चुकी है। इसका मूल्य $235 बिलियन (23.5 लाख करोड़ रुपये) है, और यह कृषि, ऊर्जा, मनोरंजन और समुद्री व्यवसायों में निवेश करती है।
स्पोर्ट्स वेंचर्स में शाही परिवार
2008 में, अबू धाबी यूनाइटेड ग्रुप ने यूके की फुटबॉल टीम मैनचेस्टर सिटी का अधिग्रहण किया। यह समूह सिटी फुटबॉल ग्रुप का 81 प्रतिशत स्वामित्व भी रखता है, जो मुंबई सिटी, मेलबर्न सिटी और न्यूयॉर्क सिटी फुटबॉल क्लब का भी मालिक है।












Click it and Unblock the Notifications