6 मामले जिनमें पिछड़े मुल्कों के बराबर खड़ा है अमरीका
"हम तीसरी दुनिया के देश बनते जा रहे हैं." दुनिया की महाशक्ति अमरीका के बारे में ये बात अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कही थे.
डोनल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए ये बात कही थी. हालांकि, राष्ट्रपति बनने के डेढ़ साल बाद भी वह कई मौकों पर ये कह चुके हैं.
ट्रंप ने ये बात शिक्षा के क्षेत्र में दुनिया के देशों के मुक़ाबले अमरीकी प्रदर्शन के संदर्भ में कही थी. हालांकि ट्रंप के आलोचकों ने उनके इस दावे को ख़ारिज़ किया है.
लेकिन अमरीका इन मामलों में दुनिया के अविकसित देशों के साथ खड़ा होता दिख रहा है.
अमरीका में इतनी ख़ूंखार हत्याएं क्यों?
1. औसत ज़िंदगी के मामले में क्यूबा से पीछे
संयुक्त राज्य मानव विकास कार्यक्रम की रिपोर्ट बताती है कि अमरीकियों की औसत ज़िंदगी 79.2 साल है. अमरीका औसत आयु के आंकड़ों के आधार पर दुनिया में 40वे नंबर पर है जो विकसित देशों के साथ-साथ लेटिन अमरीकी देश चिली, कोस्टारिका और क्यूबा से भी पीछे है.
इस लिस्ट में जापान 83.7 साल के साथ सबसे ऊपर और स्वाज़ीलैंड 48.9 साल के साथ सबसे नीचे है. लेकिन अगर इस आंकड़े को अमरीका में शिक्षा के स्तर और नस्लीय आधार पर देखें तो पता चलता है कि यूनिवर्सिटी स्तर की शिक्षा हासिल करने वाले गोरे अमरीकियों की औसत उम्र 80 वर्ष है.
वहीं, कम शिक्षा हासिल करने वाले अफ़्रीकी-अमरीकियों की औसत उम्र 66 साल है. ये आंकड़ा अमरीका के नेशनल सेंटर ऑन पॉवर्टी (राष्ट्रीय गरीबी केंद्र) के शोध पत्र के मुताबिक़ है.
अमरीका ने क्यूबा के लिए नए यात्रा प्रतिबंध लगाए
2. शिशु मृत्यु दर के मामले में अमरीका कहां?
यूएनडीपी की रिपोर्ट के मुताबिक़, अमरीका शिशु मृत्यु दर के मामले में दुनिया में 44वें नंबर पर है.
इस लिस्ट में क्यूबा, बोसनिया हरज़ेगोविना और क्रोएशिया अमरीका से बेहतर स्थिति में हैं.
इस रिपोर्ट में साल 2015 के आंकड़े हैं जिनके मुताबिक़ अमरीका में शिशु मृत्यु दर 5.6 प्रति एक हज़ार बच्चों के जन्म पर है.
3. प्रसूता मृत्यु दर
साल 2017 में द लांसेट मैगज़ीन में छपे एक शोध के मुताबिक़, अमरीका में इस सदी की शुरुआत से प्रसूता मृत्यु दर बढ़ रही है.
साल 2001 में प्रति एक हज़ार बच्चों के जन्म पर ये आंकड़ा 17.5 था जो 2015 में 26.5 तक पहुंच गया है.
लेकिन ये आंकड़ा अन्य औद्योगिक देशों में नीचे गया है. जापान में ये दर 8.8 से 6.4 डेनमार्क में 5.8 से 4.2, कनाडा 7.7 से 7.3 और 1.7 से 7.8 तक गिरा है.
अमरीका इस मामले में भी कोस्टारिका, चीन, वियतनाम और लेबनान से पीछे है.
अबॉर्शन के ख़िलाफ भ्रूण को नहीं मिलेगा वकील
पैराडाइज़ पेपर्सः सामने आई ऐपल की गुप्त टैक्स मांद
4. हत्याओं के मामले में बांग्लादेश से भी आगे
यूएनडीओसी के मुताबिक़, अमरीका मानव हत्याओं के मामले में बांग्लादेश से भी आगे है. अमरीका में प्रति एक लाख नागरिकों पर मानव हत्या दर 4.88 है.
इस मामले में बांग्लादेश 2.51, चिली 3.59, कनाडा 1.68, नीदरलैंड 0.61, अल्बानिया 2.28 अमरीका से आगे है. अमरीका पूरी दुनिया में इस मामले में 59वें नंबर पर है.
5. टीन ऐज़ में गर्भधारण
टीन एज में गर्भधारण के मामले में अमरीका दुनियाभर में 68वें नंबर पर है.
अमरीका में 15 से 19 साल की उम्र में मां बनने वाली किशोरियों की संख्या प्रति एक हज़ार जन्मों में 21 है.
इस मामले में जापान (4), जर्मनी (6) या फ्रांस (9 और ट्यूनीशिया (7) श्रीलंका (14) और सर्बिया (19) अमरीका से बेहतर हैं.
6. शिक्षा के मामले में कहां है अमरीका
दुनिया में शिक्षा के स्तर को लेकर अमरीका में दो चीजें सामने आती हैं. इंटरनेशनल प्रोग्राम फॉर द इवैल्युशन ऑफ़ कंपीटेंसीज़ के अध्ययन में अमरीकी प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा है. इस अध्ययन में पढ़ने की योग्यता और गणना करने में सक्षमता के आधार पर तीन अलग-अलग शैक्षणिक स्तरों की जांच की गई.
इनमें वह लोग शामिल हुए जिन्होंने हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी नहीं की, सेकेंडरी एजुकेशन करने वाले लोग और ऐसे लोग जिन्होंने कम से कम दो साल यूनिवर्सिटी की पढ़ाई की. इस शोध में ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, चेक गणराज्य, डेनमार्क, ईस्टोनिया, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी और जापान जैसे देश शामिल हुए.
पढ़ने की सक्षमता के मामले में अमरीका सबसे ख़राब परिणाम वाले देशों में शामिल रहा. यूनिवर्सिटी शिक्षा के मामले में अमरीका आठ देशों से ऊपर था. इसके साथ ही अमरीका वह देश था जिसमें हाई स्कूल की पढ़ाई करने वाले और यूनिवर्सिटी शिक्षा पाने वालों में सबसे बड़ा अंतर था.












Click it and Unblock the Notifications