चाकू रखने पर स्कूल से निकाली गई लड़की AK-47 के साथ गिरफ्तार, अपने मजे के लिए बना रही थी ये खौफनाक प्लान
नई दिल्ली। अमेरिका के ओक्लाहोमा में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। 18 साल की एक लड़की को राइफल के साथ गिरफ्तार किया गया है। राइफल भी कोई ऐसी वैसी नहीं बल्कि AK-47। उसपर आरोप है कि वो अपने मनोरंजन के लिए 400 लोगों की हत्या करना चाहती थी। वो जिन लोगों की हत्या करना चाहती थी उनमें उसके साथ हाई स्कूल में पढ़ने वाले कुछ दोस्त भी शामिल थे। उसे आतंक फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। लड़की का नाम एलेक्सिस विल्सन है और पुलिस अधिकारियों को उसके कमरे से AK-47 के साथ ही साथ छह उच्च क्षमता वाली मैगजीन और कई तरह के अन्य शस्त्र भी बरामद हुए हैं। विस्तार से जानिए पूरा मामला

उसने दोस्त से जाहिर की थी ये मंशा और बताया था AK-47 के बारे में
पिट्सबर्ग काउंटी शेरिफ कार्यालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी लड़की ने एक पिज्जा रेस्तरां में अपने सहकर्मी को बताया कि उसने एक सेमी ऑटोमेटिक एके-47 राइफल खरीदी है। लड़की के साथ काम करने वाले दो कर्मियों ने अधिकारियों को सूचित किया कि विल्सन ने उन्हें राइफल पकड़े हुए तस्वीरें दिखाई और कहा कि मैकएलेस्टर में उसके पुराने स्कूल के लोगों पर वह बंदूक चलाना चाहती है।

स्कूल से निकाल दिया गया था लड़की को
इस बात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने विल्सन को तुरंत उसके घर के पास पकड़ लिया। तब उसने अधिकारियों को बताया कि वह सिर्फ अपने सहकर्मी को यह सिखाने की कोशिश कर रही थी कि बंदूक से डरने की बजाय उसका डटकर सामना करना चाहिए लेकिन वह उन्हें यह नहीं समझा पाई कि आखिरकार उसने सहकर्मी से स्कूल में अपने साथियों को मारने की बात क्यों की? स्थानीय रिपोर्ट्स में स्कूल के अधिकारियों का हवाला देते हुए कहा गया कि विल्सन को उसके हाई स्कूल से निकाल दिया गया था। जांचकर्ताओं ने बताया कि किशोरी को स्कूल में चाकू लाने और उसके कुछ सामान पर स्वस्तिक चिन्ह रखने के लिए निलंबित कर दिया गया था।

स्कूल में दोस्त उड़ाते थे मजाक
सख्ती से पूछताछ के बाद विल्सन ने पुलिस को बताया कि जब वह स्कूल जाती थी तो हमेशा उसके साथी किसी बात पर उसका मजाक उड़ाते रहते थे, जो उसे अच्छा नहीं लगता था लेकिन फिर भी वह उन्हें अनदेखा कर देती थी। तब से ही वह उनसे बदला लेने के बारे में सोच रही थी। पुलिस ने बताया कि अगर विल्सन पर लगा आरोप अदालत में सिद्ध हो जाता है तो उसे 10 साल तक की सजा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications