MP : साइलेंसर से निकलने वाला प्लेटिनम चुराते थे चोर, सिर्फ इन कारों को बनाते थे निशाना
इंदौर, 27 सितंबर : प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से चोरी का हैरान कर देने वाला मामला निकलकर सामने आया है, जहां पुलिस चोरी करने वाली ऐसी गैंग का पर्दाफाश किया है, जो सिर्फ कारों का साइलेंसर चुराया करते थे। पुलिस ने इन चोरों के पास से साइलेंसर के पार्ट्स भी जप्त किए हैं। आरोपियों ने अब तक लगभग 20 से ज्यादा कारों के साइलेंसर चोरी किए हैं। मुख्य रूप से चोर ईको कार को अपना निशाना बनाते थे। इसके साथ ही यह कार के साइलेंसर से निकलने वाला प्लेटिनम निकलकर बेच देते थे। चोर साइलेंसर से निकलने वाला प्लेटिनम दिल्ली में जाकर बेचते थे।

कुछ इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली थी कि, बदमाश कार शोरूम में डकैती की योजना बना रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार और कार के साइलेंसर बरामद हुए हैं। आरोपियों ने रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकारी है। बताया जाता है कि, इस गैंग का सरगना मैकेनिक है, जो अलग-अलग देशों में काम कर चुका है। यही कारण है कि, इसे साइलेंसर खोलने और साइलेंसर सुधारने की तकनीक का पता है, जिसका फायदा उठाते हुए यह बदमाश कारों से साइलेंसर निकालकर उनमें से प्लेटिनम निकाल लेते थे, और फिर उस प्लेटिनम को दिल्ली में बेच देते थे।
पूछताछ में जुटी पुलिस
पुलिस चोरों से पूछताछ कर वारदात से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है। उधर, आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि, उन्होंने अब तक लगभग 20 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है, जिसमें उन्होंने कार से साइलेंसर निकालकर उसमें से प्लेटिनम पदार्थ निकालकर उसे दिल्ली के किसी व्यापारी को बेच दिया है। वहीं अब आरोपी दिल्ली के किस व्यापारी को प्लेटिनम बेचते थे, उसकी जानकारी पुलिस ने जुटाते हुए, आरोपियों की निशानदेही पर एक टीम दिल्ली भेज दी है, जहां अब चोरी के साइलेंसर खरीदने वाले व्यापारी को भी जल्द ही पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।












Click it and Unblock the Notifications