इंदौर में पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर चली गोली, TI की मौत, महिला ASI घायल
इंदौर, 24 जून: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के बीचों बीच स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर गोली चल गई। गोली चलते ही पुलिस कंट्रोल रूम में हड़कंप मच गया, जहां गोली की आवाज सुनते ही पुलिस कंट्रोल रूम से बाहर आए पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने टीआई हाकम सिंह पवार और महिला एएसआई को लहूलुहान हालत में देखा, जिसके बाद घायल महिला एएसआई को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, तो वहीं टीआई हाकम सिंह पवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी लगते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

राजधानी भोपाल में पदस्थ थे टीआई
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मौके पर पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टीआई हाकम सिंह पवार की सर्विस रिवाल्वर उनके पास पड़ी हुई थी, तो वहीं टीआई पवार मृत अवस्था में पड़े हुए थे, उनके पास ही महिला एएसआई घायल अवस्था में नजर आ रही थी। टीआई हाकम सिंह पवार फिलहाल राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स थाने में पदस्थ थे, तो वहीं घायल महिला एएसआई उसी पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ थी जिसके बाहर यह पूरा घटनाक्रम घटित हुआ।
मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका
पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि, कंट्रोल रूम के पास कॉफी हाउस के बाहर यह घटना हुई है, एक टीआई जिनकी पोस्टिंग भोपाल में थी, वह यहां पर आए हुए थे, और इस कार्यालय में पदस्थ एएसआई, दोनों बैठकर कॉफी पी रहे थे। इस दौरान आकस्मिक विवाद में एएसआई पर गोली चलाई गई, और उसके बाद खुद पर गोली चला कर आत्महत्या की कोशिश की गई। दोनों लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। प्रथम दृष्टया जो तथ्य सामने आए हैं, प्रेम प्रसंग से जुड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications