कथावाचक प्रदीप मिश्रा का आह्वान, हर घर होगा रुद्राभिषेक, बाजार में उमड़ी भीड़
इंदौर, 25 जुलाई: इन दिनों प्रदेश भर में सावन माह का हर्षोल्लास देखने मिल रहा है, जहां भक्त अपने भगवान भोलेनाथ का पूजन अर्चन करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान मंदिरों में जहां श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है, तो वहीं अलग-अलग तरह के धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला भी जारी है। ऐसे में सावन माह की शिवरात्रि यानी 26 जुलाई को एक बार फिर विश्व भर के सभी श्रद्धालु पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक करेंगे, जहां इसके लिए कथा वाचक प्रदीप मिश्रा ने सभी श्रद्धालुओं से अपने-अपने घरों में पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर रुद्राभिषेक करने का संदेश दिया है।

रुद्राभिषेक को लेकर शिव भक्तों में उत्साह
रुद्राभिषेक को लेकर शिव भक्तों में अलग उत्साह नजर आ रहा है, जहां लोग रुद्राभिषेक के लिए लगने वाली आवश्यक सामग्री बाजारों से लेते नजर आ रहे हैं। ऐसे में बाजारों में शिव भक्तों की चहल-पहल नजर आ रही है, तो वहीं श्रद्धालुओं में रुद्राभिषेक का उत्साह कुछ इस कदर है कि, बाजारों में अब कहीं-कहीं पूजन सामग्री की कमी भी देखने मिल रही है।

शुभ मुहूर्त में होगा रुद्राभिषेक
सावन माह की शिवरात्रि पर होने वाला यह रुद्राभिषेक शुभ मुहूर्त में होगा, जहां इसके लिए मंगलवार की शाम 7 बजे से लेकर 8 बजे तक का समय तय किया गया है। इस दौरान श्रद्धालु ऑनलाइन यानी टीवी और मोबाइल के माध्यम से रुद्राभिषेक की विधि समझकर, अपने-अपने घरों में भगवान शिव का पूजन-अर्चन करेंगे। मान्यता है कि, सावन माह में पार्थिव शिवलिंग बनाकर उनका रुद्राभिषेक करने से भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं, और अपने भक्तों को मनचाहा वरदान देते हैं।

पूजन सामग्री खरीदने बाजार पहुंच रहे लोग
सावन माह की शिवरात्रि पर होने वाले रुद्राभिषेक को लेकर भक्तों में अलग तरह का उत्साह देखने मिल रहा है, जहां इसके लिए भक्त बाजारों में पूजन सामग्री खरीदने भी पहुंच रहे हैं। रुद्राभिषेक में लगने वाली सामग्री में मुख्य रूप से गेहूं के दाने, कमलगट्टे, चावल के साबुत दाने, काली मिर्च, काली तिल, धतूरा, बेल पत्र, शमी पत्र और गुलाब के फूल हैं। वहीं अब पूजन सामग्री में लगने वाली सभी वस्तुओं की डिमांड बढ़ने लगी है।

शिव पुराण कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कथा वाचक प्रदीप मिश्रा इन दिनों प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में शिव पुराण कथा कर रहे हैं, जहां इस दौरान शिव पुराण की पावन कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में भक्त कथा स्थल पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान भक्तों की बड़ी संख्या रोजाना कथा सुनने कथा स्थल पहुंच रही है। भक्तों की व्यवस्था को देखते हुए कथा स्थल पर बड़े-बड़े डोम का निर्माण किया गया है। साथ ही सभी तरह की व्यवस्थाएं कथा स्थल पर की गई है, कथा को सुनने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लोग इंदौर पहुंच रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications