ईद पर इंदौर आए दिग्विजय सिंह, लाउड स्पीकर पॉलिटिक्स को लेकर दिया बड़ा बयान!
इंदौर, 3 मई: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में ईद का त्यौहार बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. इस बीच राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह इंदौर आए, और सदर बाजार स्थित ईदगाह पहुंचे. सिर पर सफेद साफा बांध दिग्विजय सिंह ईद का त्यौहार मनाते नजर आए, वहीं जब शहर काजी बग्गी में सवार होकर ईदगाह पहुंचे तो दिग्विजय सिंह ने उनका वीडियो भी बनाया. इसके बाद दिग्विजय सिंह, शहर काजी से मिले, जहां उन्होंने सभी को ईद के त्योहार की मुबारकबाद दी है. इस दौरान दिग्विजय सिंह के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नजर आ रहे थे.

लाउड स्पीकर पॉलिटिक्स को लेकर दिया बड़ा बयान
इन दिनों देश और प्रदेश में जारी लाउडस्पीकर पॉलिटिक्स को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि, यह सब बेकार है, लोगों का ध्यान बांटा जा रहा है. महंगाई से आप पीड़ित नहीं है क्या, आप लोगों के घर का बजट नहीं बिगड़ा क्या, महंगाई से आप लोगों की तनख्वा बढ़ गई क्या, उससे ध्यान बांटा जा रहा है. बेरोजगारी बढ़ती जा रही है. रोज भाव बढ़ते जा रहे हैं, तो बात यही है कि लोगों का ध्यान असफलताओं से भटकाने के लिए यह सब हो रहा है.
खरगोन में कर्फ्यू को लेकर कही ये बात
खरगोन में लगे कर्फ्यू को लेकर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि, यह शासन और प्रशासन की अकर्मण्यता असफलता है, आज 2 हफ्ते हो गए और आज भी वहां कर्फ्यू लगा हुआ है. लोगों में प्रेम सद्भाव का जो माहौल खरगोन में रहा है, उसे नहीं सुधार पा रहे हैं.
शहर में उत्साह के साथ मनाई जा रही ईद
शहर में ईद के त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल नजर आ रहा है, सुबह से ही ईदगाह में लोगों की भीड़ नजर आई, तो वहीं सभी एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद देते नजर आ रहे थे. बाजारों में भी ईद को लेकर चहल पहल का माहौल देखा जा रहा है, वहीं पुलिस भी बाजारों में मुस्तैद नजर आ रही है.












Click it and Unblock the Notifications