₹400 करोड़ की ठगी करके हिमालय की गोद में चला गया था पुष्पेंद्र वडेरा, अब साधु बना आया गिरफ्त में
इंदौर, 4 जनवरी। पिनेकल ड्रीम प्रोजेक्ट में निवेश कर लोगों को फ्लैट देने के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने के आरोपी पुष्पेंद्र वडेरा को इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस आरोपी पर 80 हजार रुपए का ईनाम भी घोषित था। यह भेष बदलकर 4 साल से साधु के रूप में फरारी काट रहा था।

दरअसल, विजय नगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर ₹80 हजार रुपए ईनामी पुष्पेंद्र वडेरा को उज्जैन इंदौर बाईपास के पास से अपनी गिरफ्त में लिया है। आरोपी पुष्पेंद्र ने कई आम लोगों से पिनेकल ड्रीम्स कॉलोनी में प्रोजेक्ट भूखण्ड दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपए निवेश करवाए थे।
आम लोगों के साथ हुई धोखाधड़ी के मामले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुष्पेंद्र पर 7 से भी अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इसकी पिछले 4 साल से तलाश कर रही थी। पुष्पेंद्र ने अपना हुलिया पूरी तरह से बदल लिया था। साधु बनकर रहने लगा था। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार इस पर चार सौ करोड़ रुपए की ठगी का आरोप है।

तहजीब काजी थाना प्रभारी इंदौर ने बताया कि पुलिस पूछताछ में पता चला कि पुष्पेंद्र हरिद्वार, केदारनाथ व बद्रीनाथ सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर आश्रम में रुककर फरारी काट रहा था। आरोपी ने अपने एक अन्य साथी आशीष दास के साथ मिलकर कई लोगों को करोड़ों रुपए ठगी का शिकार बनाया था। यह उज्जैन में अपनी जमानत करवाने के प्रयास में घूम रहा था।












Click it and Unblock the Notifications