Mahakal की भस्म आरती में शामिल हुए प्रवासी भारतीय, महाकाल लोक का किया भ्रमण
उज्जैन में प्रवासी भारतीयों के लिए जिला प्रशासन द्वारा "हेल्प-डेस्क"" डोम, गर्भगृह से दर्शन के इच्छुक श्रद्धालुओं हेतु विशेष व्यवस्था, गाइड सुविधा के साथ ही ई-कार्ट से "श्री-महाकाल लोक" भ्रमण की व्यवस्था की गई है।

इंदौर के प्रवासी भारतीय सम्मेलन में भाग लेने आए प्रवासी भारतीयों का भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन के साथ ही "श्री महाकाल लोक" के भ्रमण का क्रम जारी है। मन्दिर प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि, मंगलवार को लगभग चालीस प्रवासी भारतीय प्रातः भस्म-आरती में सम्मिलित हुए। यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, मिडिल ईस्ट के प्रवासी बड़ी संख्या में दर्शन के लिए भी आए। सभी प्रवासियों ने कहा कि, उनके पास समय बहुत कम है, हम हमारी सांस्कृतिक धरोहर को आत्मसात करने उसे महसूस करने के लिए शीघ्र ही बड़े कार्यक्रम में समय निकालकर आवेंगे। प्रवासी भारतीयों के मार्गदर्शन हेतु जिला प्रशासन द्वारा "हेल्प-डेस्क"" डोम, गर्भगृह से दर्शन के इच्छुक श्रद्धालुओं हेतु विशेष व्यवस्था, गाइड सुविधा के साथ ही ई-कार्ट से "श्री-महाकाल लोक" भ्रमण की व्यवस्था की गई है।
अतिथि सत्कार से हुए अभिभूत
इंदौर में 8 जनवरी से लेकर 10 जनवरी तक प्रवासी भारतीय सम्मेलन आयोजित हो रहा है, यहां आने वाले प्रवासी भारतीयों से न केवल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उज्जैन के महाकाल लोक जाकर भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने का आह्वान किया है। उज्जैन में जिला प्रशासन एवं महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्रवासी भारतीयों का पलक पावडे बिछा कर स्वागत किया जा रहा है, उन्हें भस्म आरती एवं भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए हर संभव सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है। महाकालेश्वर पहुंचने वाले प्रवासी भारतीय इस अतिथि सत्कार से गदगद हैं, वे अभिभूत होकर कहते हैं कि इस तरह का स्वागत उनका पहले कहीं नहीं हुआ।
श्रद्धालुओं ने शेयर किए अपने अनुभव
लंदन से आए सुकांत साहू जो लंदन में भगवान जगन्नाथ का मंदिर बनवा रहे हैं, उन्होंने कहा कि, हमें बहुत ही आराम से दर्शन हुए। वे यहां पहली बार दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि, जो सम्मान व सत्कार यहां मिला है, वह निश्चित रूप से भारत के सनातन धर्म की अतिथि सत्कार परंपरा का द्योतक है। इसी तरह दुबई से आए हुए श्री हरि कुमार कहते हैं कि यहां मंदिर तक लाने ले जाने की व्यवस्था महाकालेश्वर में कार्यरत सभी कर्मचारियों द्वारा कुशलतापूर्वक की जा रही है। उन्होंने भस्म आरती के दर्शन किए, उनको भस्म आरती दर्शन में पॉजिटिव वाइब्रेशन महसूस हुए।
ये भी पढ़े- स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने प्रवासी भारतीयों से किया संवाद, भारत की उपलब्धियों पर हुई बात












Click it and Unblock the Notifications