MP: तिथि के फेर में उलझा रक्षाबंधन पर्व, इस मुहूर्त में रक्षा सूत्र बांधना रहेगा सर्वश्रेष्ठ
इंदौर, 11 अगस्त: देशभर के साथ ही मध्य प्रदेश में भी रक्षाबंधन का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हर तरफ रक्षाबंधन पर्व का उत्साह नजर आ रहा है, तो वहीं इस बार रक्षाबंधन का पर्व तिथियों के फेर में उलझा नजर आ रहा है, जिसके चलते कुछ लोग 11 अगस्त को दिन भर रक्षाबंधन का पर्व मनाएंगे, तो कुछ लोग 11 अगस्त की देर शाम 8 बजकर 51 मिनट से 9 बजकर 20 मिनट तक रक्षा सूत्र अपने भाइयों की कलाई पर बांधेंगे। यही कारण है कि रक्षाबंधन के अलग-अलग मुहूर्त होने के कारण लोग असमंजस की स्थिति में नजर आ रहे हैं, लेकिन बावजूद इसके रक्षाबंधन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ पूरे देश भर में मनाया जा रहा है।

ऐसा है ज्योतिषाचार्यों का मत
इस बार रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर लोगों में अच्छा खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। लेकिन इस बार रक्षाबंधन का पर्व किस तारीख को मनाया जाए, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बरकरार है। हिंदू पंचांग के अनुसार श्रावण मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 11 अगस्त यानी गुरुवार के दिन 10 बजकर 38 मिनट से शुरू होकर अगले दिन यानी 12 अगस्त को शुक्रवार सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर समाप्त होगी। यही कारण है कि, ज्योतिषाचार्य 11 अगस्त को ही रक्षाबंधन का पर्व मनाने की बात कहते नजर आ रहे हैं।

रक्षाबंधन पर रहेगा भद्रा का साया
ज्योतिषाचार्यों की मानें तो 11 अगस्त को भद्रा का साया भी रहेगा। इस दिन भद्रा सुबह 10 बजकर 39 मिनट से रात 8 बजकर 52 मिनट तक रहेगी। इस तरह से 11 अगस्त यानी गुरुवार को पूर्णिमा तो रहेगी, लेकिन भद्रा के चलते रक्षाबंधन का पर्व रात 8 बजकर 52 मिनट के बाद से ही मनाया जा सकता है। सामान्यतः भद्रा में शुभ कार्यों को वर्जित माना जाता है। यही कारण है कि, कुछ लोग 12 अगस्त को रक्षाबंधन मनाने के पक्ष में नजर आ रहे हैं।

रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजार में रौनक
भाई और बहन के रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व देशभर में धूमधाम से मनाया जाता है। यही कारण रहता है कि, रक्षाबंधन पर्व के समय बाजार में रौनक नजर आती है, जहां कोरोना काल के 2 साल बाद बाजार में नजर आ रही रौनक व्यापारियों के लिए भी बेहद राहत लेकर आई है। वहीं इस बार बाजार में 5 रुपए से लेकर 5 हजार तक की राखियां उपलब्ध है।












Click it and Unblock the Notifications