MP Assembly Election 2023: इंदौर से मराठी मांगे टिकट, सोशल मीडिया पर शुरू हुआ कैंपेन
MP Assembly Election 2023 अब नजदीक हैं, जहां ऐसे में जल्द ही बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल की ओर से प्रत्याशियों का ऐलान किए जाने की तैयारी है. इस बीच अब सियासत के गढ़ कहे जाने वाले शहर इंदौर में मराठी समाज के कुछ संगठनों ने सोशल मीडिया पर कैंपेन शुरू किया है, जिसमें शहर की किसी एक विधानसभा सीट से टिकट की मांग की जा रही है।
सोशल मीडिया पर शुरू हुए कैंपेन में मराठी समाज के कुछ प्रमुख संगठनों की ओर से पोस्ट की गई है, जिसमें स्पष्ट तौर पर लिखा गया है कि, 'इंदौर से चाहिए एक मराठी नेतृत्व, अन्यथा होगा नुकसान'। वहीं अब इस पोस्ट पर मराठी समाज के लोग अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं, जिसमें सभी एक सुर में टिकट की मांग कर रहे हैं।

कुछ ऐसा है पूरा मामला
दरअसल, सोशल मीडिया पर इन दिनों मराठी समाज के कुछ संगठनों की ओर से एक पोस्ट की गई है, जिसमें मराठी समाज के लिए शहर की किसी एक विधानसभा से टिकट की मांग की जा रही है। मराठी समाज के सामाजिक संगठन की ओर से की गई पोस्ट को समाजजन बड़ी संख्या में शेयर भी कर रहे हैं। साथ ही समाजजन इस पोस्ट पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया भी देते नजर आ रहे हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो विधानसभा चुनाव से पहले अब मराठी समाज ने भी हुंकार भरी है, जहां मराठी समाज इंदौर की किसी एक विधानसभा से टिकट की मांग करता नजर आ रहा है।
इंदौर में मराठी समाज की अच्छी संख्या
सियासत के गढ़ इंदौर को मराठी बाहुल्य शहर माना जाता है, जहां मराठी समाज के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। इंदौर से इससे पहले भी मराठी समाज के कई बड़े नेता उच्च पदों पर रहे हैं, जिसमें प्रमुख तौर पर सुमित्रा महाजन ने लोकसभा स्पीकर तक का सफर तय किया है। वहीं कृष्ण मुरारी मोघे, गौरव रणदिवे, चंदू राव शिंदे, सुधीर देडगे जैसे नामों ने भी सियासत में अपना दम दिखाया है, लेकिन वर्तमान में दायित्ववान मराठी समाज के नेताओं की संख्या इंदौर में चिंता का विषय बन रही है। यही कारण है कि, मराठी समाज ने एक बार फिर आगामी विधानसभा चुनाव में शहर की किसी एक विधानसभा से टिकट की मांग की है।
मराठी समाज से टिकट की दौड़ में शामिल नाम
सियासत के गढ़ इंदौर से आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए दम दिखाने वाले मराठी समाज के दावेदारों की बात करें तो इनमें बीजेपी से पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के बेटे मंदार महाजन, बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, पूर्व एमआईसी मेंबर सुधीर देडगे के नाम शामिल हैं, तो वहीं कांग्रेस की ओर से मराठी समाज का कोई सशक्त नेता टिकट की दौड़ में नजर नहीं आ रहा। पिछले कई सालों का रिकॉर्ड देखें तो इसमें बीजेपी ने मराठी समाज को सशक्त नेतृत्व दिया है। यही कारण है कि, अबकी बार भी मराठी समाज बीजेपी से सशक्त नेतृत्व के तौर पर शहर की किसी भी एक विधानसभा से टिकट की मांग कर रहा है।
ये भी पढ़े- Indore में होने जा रही BJP के फायरब्रांड नेता की एंट्री, 'अहिल्या उत्सव' में शामिल होंगे सीएम योगी












Click it and Unblock the Notifications