MP Assembly Election: राऊ से जीतू पटवारी को कांग्रेस ने बनाया प्रत्याशी, ऐसा रहा अब तक का सियासी सफर
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है, जहां राऊ विधानसभा से एक बार फिर पार्टी ने जीतू पटवारी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं प्रत्याशी बनते ही पटवारी के समर्थकों में उत्साह देखा गया।
धीरे-धीरे कांग्रेस का गढ़ बनने की ओर अग्रसर हो रही राऊ विधानसभा से एक बार फिर पार्टी ने जीतू पटवारी को प्रत्याशी बनाया है, जहां पटवारी के प्रत्याशी बनते ही उनके समर्थकों ने जमकर जश्न बनाया। राऊ विधानसभा से साल 2018 के चुनाव में भी जीतू पटवारी ने जीत हासिल की थी, वहीं अब पटवारी एक बार फिर इसी इतिहास को फिर से दोहराने की तैयारी में जुट गए हैं।

ऐसा रहा अब तक का सियासी सफर
जीतू पटवारी के सियासी करियर पर एक नजर डालें तो जीतू पटवारी कांग्रेस के उन कद्दावर नेताओं में से हैं, जिनका प्रभाव पूरे प्रदेश पर दिखाई देता है। जीतू पटवारी ने अपनी राजनीति युवा कांग्रेस कार्यकर्ता के तौर पर शुरू की थी, जहां जीतू पटवारी युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। साथ ही जीतू पटवारी राऊ विधानसभा से दो बार विधायक रहे हैं, तो वहीं कमलनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री का दायित्व भी निभा चुके हैं। इतना ही नहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाने वाले जीतू पटवारी संगठन में भी अलग-अलग दायित्वों का निर्वहन सफलतापूर्वक कर चुके हैं।
कांग्रेस ने की प्रत्याशियों की घोषणा
सियासत के गढ़ इंदौर से कांग्रेस ने विधानसभा-1 से संजय शुक्ला को प्रत्याशी बनाया है, तो वहीं विधानसभा-2 से चिंटू चौकसे को प्रत्याशी बनाया गया है। इसी के साथ विधानसभा 4 से राजा मंधवानी, राऊ विधानसभा से जीतू पटवारी, देपालपुर विधानसभा से विशाल पटेल तो वहीं सांवेर विधानसभा से रीना बोरासी सेतिया को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारा है। इधर, कांग्रेस ने फिलहाल विधानसभा 3, 5 और महू के प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं, जहां अब संभावना जताई जा रही है कि, कांग्रेस की अगले सूची में इन विधानसभाओं पर भी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़े- Indore news: विधानसभा-5 में कांग्रेस के टिकट की रेस जारी, कौन है सबसे आगे, जानिए?












Click it and Unblock the Notifications