Indore : अधिकारियों ने देखा मेट्रो रेल का कामकाज, साल 2023 में इस महीने से शुरू होगा ट्रायल रन
मेट्रो रेल कारपोरेशन के प्रबंध संचालक मनीष सिंह और कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी के द्वारा इंदौर में निर्माणाधीन मेट्रो प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ आयुक्त नगर निगम प्रतिभा पाल भी मौजूद थी। इन अधिकारियों के द्वारा शासन के वरीयता वाले मेट्रो ट्रेन के रूट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निरीक्षण के समय गांधी नगर डिपो में चल रहे काम भी देखे। मेट्रो रेल कारपोरेशन के स्थानीय अधिकारियों के द्वारा काम को करने में आ रही समस्याओं को सामने रखा गया। इन समस्याओं पर मनीष सिंह के द्वारा परस्पर समन्वय से समस्याओं के निराकरण का निर्देश दिया गया, ताकि द्रुत गति से निर्माण हो सके।

लगातार चलते रहेगा काम काज
अधिकारी मनीष सिंह ने कहा कि, मेट्रो प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सर्वोच्च वरीयता का कार्य हैं। हमारा उद्देश्य है कि, आगामी अगस्त सितम्बर तक इसका एक छोटे रूट पर ट्रॉयल रन हो सके। कलेक्टर डॉ. इलैया राजा ने कहा कि, प्रशासन द्वारा सभी तरह का समन्वय किया जाएगा, और मेट्रो प्रोजेक्ट द्रुत गति से पूर्ण हो सके इसके लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। उल्लेखनीय है मेट्रो रेल कारपोरेशन के द्वारा तेज गति के साथ काम चलाया जा रहा है। हाल ही में यह फैसला लिया गया है कि, जब प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट इंदौर हो रहा होगा, उस समय पर भी काम को बंद नहीं किया जाएगा।
इंदौर पर टिकी है सभी की नजर
इंदौर को मध्य प्रदेश के औद्योगिक लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। यही कारण है कि, इंदौर मध्य प्रदेश की औद्योगिक राजधानी भी कहलाती है। वहीं अब एक बार फिर इंदौर में दो बड़े आयोजनों का होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है, तो वहीं दोनों ही आयोजनों में देश और विदेश के कई नामी हस्तियां शामिल होंगी। इन्वेस्टर समिट में लगभग 2000 लोगों के आने की संभावना है, तो वहीं अप्रवासी भारतीय सम्मेलन में 3000 लोगों के आने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़े- MP : प्रवासी भारतीयों का सत्कार करेंगे इंदौरी, पधारो म्हारे घर की अनूठी पहल