हरियाणा की जनता ने कांग्रेस के एक गाल पर तमाचा मारा है, दूसरे पर महाराष्ट्र की जनता मारेगी- कैलाश विजयवर्गीय
Indore News: मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आज किला मैदान रोड स्थित दलाल बाग मैदान में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 के भव्य दीपावली मिलन समारोह और कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया।
इस मौके पर मंत्री विजयवर्गीय ने भाजपा के सदस्यता अभियान में पूरे देश में पहले स्थान पर रहने पर क्षेत्र के मेहनती कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इस समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आकाश विजयवर्गीय, संजय शुक्ला, एमआईसी सदस्य गण, पार्षद गण, मंडल अध्यक्ष एवं अन्य भाजपा नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

कांग्रेस और भाजपा की तुलना में कैलाश विजयवर्गीय ने दिया स्पष्ट संदेश
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने समारोह में बोलते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से काम करता है और देश के लिए सेवा करता है, जबकि अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता कुर्सी की खातिर काम करते हैं। उन्होंने कहा, "हरियाणा में कांग्रेस की हार के बाद अब महाराष्ट्र की जनता भी कांग्रेस को तमाचा मारेगी। कांग्रेस हमेशा जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटने का काम करती है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी जी विकास की राजनीति करते हैं।"
विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा सरकार तभी सफल होती है जब "डबल इंजिन" की सरकार होती है, जैसे मध्यप्रदेश में और हरियाणा में हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में कर्मचारियों को सैलरी नहीं मिल पा रही है, जबकि भाजपा सरकार हमेशा विकास के लिए काम करती है।

संघ के संस्कारों ने मुझे आगे बढ़ाया
विजयवर्गीय ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि संघ के संस्कारों ने उन्हें राजनीति में आने और देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। "50 साल पहले जब मैंने संघ की शाखा में जाना शुरू किया था तो मेरे पिताजी ने मुझे मना किया था, लेकिन मेरी मां ने मेरा समर्थन किया। संघ ने मुझे समाजसेवा और देशभक्ति की शिक्षा दी, और उसी के बाद मैं राजनीति में आया।" उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कभी पीछे मुड़कर नहीं देखता और पार्टी की सेवा में हमेशा निस्वार्थ भाव से काम करता है।

विजयवर्गीय ने हरियाणा में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए कहा, "हमने हरियाणा में भाजपा सरकार बनाई, और इंदौर के कार्यकर्ताओं का उसमें बड़ा योगदान रहा। जब मुझे बंगाल का प्रभार दिया गया था, तो मैंने हर ब्लॉक में भाजपा को खड़ा किया, और मेहनत का रंग आया।"
कार्यकर्ताओं की मेहनत को सलाम
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने भी भाजपा के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता देवतुल्य हैं। "दुनिया में सात अजूबे हैं, लेकिन आठवां अजूबा भाजपा के कार्यकर्ता हैं। वे अपनी जीतोड़ मेहनत से पार्टी को शून्य से शिखर तक लेकर आए हैं।" उन्होंने कहा कि यह दीपावली मिलन कार्यक्रम राजनीति नहीं, बल्कि एक पारिवारिक कार्यक्रम है, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जा रहा है।

सदस्यता अभियान में सम्मानित कार्यकर्ता
इस मौके पर 500 से ज्यादा सदस्य बनाने वाले करीब 35 कार्यकर्ताओं को और सदस्यता अभियान के प्रभारी गोविंद सिंह परमार और विजय बिंजवे को सम्मानित किया गया। सम्मानित कार्यकर्ताओं में मोनिका जैन, प्रीति बाहेती, और वंदना नामदेव जैसी महिला कार्यकर्ताओं ने भी सदस्यता अभियान के दौरान अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके किया गया। इस अवसर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, सत्यनारायण सत्तन, नगर उपाध्यक्ष अशोक चौहान, चाँदू नेता, एमआईसी सदस्य अश्विनी शुक्ला, निरंजन सिंह चौहान, भाजपा नेता घनश्याम काकाणी, जयदीप जैन, महेश बैरागी, बबली नरवरिया, शिखा संदीप दुबे, बरखा नितिन मालू, संध्या यादव, नीता मुकेश शर्मा और अन्य भाजपा पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना
इस समारोह ने भाजपा के कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत को उजागर किया, जिन्होंने पार्टी के सदस्यता अभियान को देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचाया। कैलाश विजयवर्गीय और अन्य नेताओं ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं की भूमिका को विशेष रूप से सराहा और उन्हें आगे भी जनसेवा में लगने की प्रेरणा दी।
समारोह के अंत में सभी कार्यकर्ताओं को उपहार भी दिए गए, और दीपावली के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी गई।












Click it and Unblock the Notifications