MP: शादी समारोह में दाल-बाफले खाना भारी पड़ा, 200 से ज्यादा लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए
धार के बदनावर में एक शादी समारोह के दौरान दाल, बाफले और लड्डू खाने से लगभग 200 से ज्यादा लोग बीमार हो गए।

मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित बदनावर से फूड प्वाइजनिंग का मामला निकलकर सामने आया है, जिसमें एक शादी समारोह के दौरान दाल, बाफले और लड्डू खाने से लगभग 200 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। बीमार हुए सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में रेफर किया गया है। उधर, बड़ी संख्या में मरीजों के अस्पताल पहुंच जाने से अस्पताल की व्यवस्था बिगड़ी हुई दिखाई दी है। बताया जा रहा है कि, यह सभी लोग गांव में आयोजित विवाह समारोह के दौरान भोजन के लिए गए हुए थे, जहां दाल-बाफले और लड्डू के भोजन में खराबी होने के चलते सभी लोग बीमार हो गए। बीमार हुए सभी लोगों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अस्पताल की व्यवस्था बिगड़ी
जानकारी के मुताबिक बदनावर के धमाना गांव में एक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा था, जहां भोजन के लिए पहुंचे लगभग 200 से ज्यादा लोग भोजन करने के बाद बीमार हो गए। बीमार सभी लोगों को बस और अन्य वाहनों की सहायता से अस्पताल भिजवाया गया, जिसे जहां भी जगह मिली वहां इलाज करवाता नजर आया। कुछ लोग अस्पताल में बिस्तर ना होने के चलते जमीन पर अपना इलाज करवाते नजर आए तो कुछ लोग खाली मैदान में इलाज के लिए लेट गए। उधर, ज्यादा मात्रा में लोगों के अस्पताल पहुंच जाने से अव्यवस्था भी देखने मिली।
खाना खाने के बाद होने लगी उल्टी
जानकारी के मुताबिक सभी लोगों के शादी समारोह में भोजन के लिए पहुंचे थे, जहां दाल-बाफले और लड्डू का भोजन रखा गया था। भोजन करने के बाद ही लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी,जिसके बाद धीरे-धीरे कर सभी को अस्पताल भिजवाया गया। वहीं प्रारंभिक जांच के बाद पता चला कि दूषित भोजन करने से सभी लोगों को फूड प्वाइजनिंग हुई है, जिसके बाद और भी अन्य लोगों को अस्पताल भिजवाया गया, और इलाज शुरू कराया गया। फिलहाल, सभी लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटनाक्रम के बाद कुछ लोग गंभीर भी हुए हैं, जिनका अन्य अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
ये भी पढ़े- Indore news: दर्दनाक हादसे का जिम्मेदार कौन?, क्रेन की टेक्निकल जांच से खुलेगा 4 मौतों का राज












Click it and Unblock the Notifications