Social media पर खोजा हाथ का दर्द दूर करने का नुस्खा, जंगली लौकी का जूस पीते ही गंवाई जान
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से हैरान कर देने वाला मामला निकलकर सामने आया है, जहां एक युवक का हाथ दर्द करने पर उसने पहले तो डॉक्टर से इलाज करवाया, लेकिन डॉक्टरी इलाज से खास फर्क नहीं पड़ने पर युवक ने सोशल मीडिया पर हाथ का दर्द दूर करने का नुस्खा ढूंढा, जिसके बाद युवक ने जंगली लौकी का जूस पी लिया, जिसके चलते युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, युवक ने सोशल मीडिया के जरिए यह नुस्खा खोजा था, जिसको अपनाने के बाद युवक को अपनी जान गवानी पड़ी।

कुछ ऐसा है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक खंडवा का रहने वाला युवक नौकरी के लिए इंदौर आया था, जहां वह कार ड्राइवरी का काम कर रहा था। इस बीच युवक को हाथ में दर्द होने लगा, जब लंबे वक्त तक हाथ में दर्द बना रहा तो युवक डॉक्टर के पास पहुंचा, और इलाज करवाया, लेकिन उसे डॉक्टरी इलाज से कोई खास फर्क नहीं पड़ा, जिसके बाद युवक ने सोशल मीडिया पर इलाज ढूंढने की कोशिश की, जिसमें उसे एक पोस्ट देखी जिसमें यह दावा किया गया था कि जंगली लौकी का जूस पीने से हाथ का दर्द ठीक हो जाता है, जिसके बाद युवक जंगली लौकी की खोज में जंगल की ओर निकल पड़ा, वहीं से जब जंगली लौकी लेकर युवक लौटा और जूस बनाकर पिया तो थोड़ी ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

जूस पीने के बाद होने लगी उल्टियां
परिजनों की मानें तो युवक कहीं से जंगली लौकी लेकर आया और उसका जूस बनाकर पी लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, युवक को जूस पीने के लगभग आधे घंटे बाद उल्टी और दस्त लग गए, जहां युवक की हालत बिगड़ती देख तत्काल परिजन उसे अस्पताल ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं युवक का पोस्टमार्टम करवाकर युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर इस पूरे घटनाक्रम के बाद हड़कंप मच गया, जहां परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है।

विश्वसनीयता परखे बिना इस्तेमाल हो सकता है घातक
एक्सपर्ट्स की माने तो सोशल मीडिया पर इन दिनों तरह-तरह के इलाज बताए जा रहे हैं, लेकिन व्यक्ति यदि इन इलाजों को बिना परखे इस्तेमाल करता है तो उसे समस्याओं का सामना भी करना पड़ सकता है, क्योंकि सोशल मीडिया पर बताए जा रहे इलाज कितने विश्वसनीय हैं, इसकी कोई गारंटी नहीं है। एक्सपर्ट बताते हैं कि, दो तरह की लौकी का इस्तेमाल होता है, जिनमें एक लौकी खाने के लिए इस्तेमाल की जाती है, तो वहीं एक लौकी जंगली लौकी के नाम से पहचानी जाती है, जिसका इस्तेमाल खाने के लिए नहीं किया जा सकता। यही वह लौकी है, जिसका युवक ने इलाज के तौर पर जूस बनाकर इस्तेमाल किया, और पीने के बाद युवक की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications