MP : गहने गिरवी रख महिला सरपंच ने गांव में लगवाए CCTV कैमरे, अब हो रही हाईटेक निगरानी
बुरहानपुर, 15 सितंबर : कहते हैं यदि आप में कुछ अच्छा करने का जुनून है, तो हर समस्या आपके लक्ष्य के आगे छोटी ही लगती है। जी हां, इन्हीं पंक्तियों को साकार कर दिखाया है, मध्यप्रदेश के बुरहानपुर की महिला सरपंच आशा विकास कैथवास ने, इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर स्थित ग्राम पंचायत झिरी की महिला सरपंच आशा कैथवास ने अपने गांव की सुरक्षा के संकल्प को साकार करने के लिए अपने गहने तक गिरवी रख दिए हैं, जहां अब गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे गांव की निगरानी की जा रही है।

पूरा किया सुरक्षा का संकल्प
ग्राम पंचायत झिरी की सरपंच चुनी गई आशा विकास कैथवास ने कार्यभार संभालते ही सबसे पहला काम, अपने गहने गिरवी रख पूरे गांव में सीसीटीवी कैमरे लगवाने का किया है। जानकारी के मुताबिक महिला सरपंच आशा कैथवास ने कार्यभार संभालने से पहले ही इन कैमरों को खरीद लिया था, जहां प्रभार संभालने के बाद इन कैमरों को गांव में लगा दिया गया है। 80 हजार की कीमत वाले यह कैमरे गांव की हाईटेक सिक्योरिटी का सपना साकार कर रहे हैं।

गांव की सुरक्षा में सहायक होंगे कैमरे
ग्राम पंचायत झिरी की सरपंच आशा विकास कैथवास बताती हैं कि, इन सीसीटीवी कैमरों से हर एक्टिविटी को आसानी से देखा जा सकता है। साथ ही यह कैमरे यदि गांव में किसी तरह की वारदात होती है तो आरोपियों को पकड़वाने में भी सहायक होंगे। हमारा मकसद ग्राम वासियों की सुरक्षा है, और यही चुनावी मुद्दा भी था। इसी के चलते अब हाईवे किनारे और पंचायत में अच्छी क्वालिटी के नाइट विजन वाले कैमरे लगाए गए हैं, जिससे हर ग्राम वासी की सुरक्षा का संकल्प साकार होगा।

कुछ इस तरह मिल रहा कि कैमरों का फायदा
जानकारी के मुताबिक कैमरे लगने से अब गांव की सुरक्षा का संकल्प साकार होते नजर आ रहा है, जहां अब से कुछ महीने पहले ग्राम पंचायत झिरी से बच्चे का अपहरण होने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपियों को चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया था। उधर, ग्रामीणों की मानें तो इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर लगातार बढ़ रही वारदातों को देखते हुए भी गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है। हाईटेक कैमरे की क्वालिटी भी बेहद ही खास है, जहां से 80 हजार की कीमत वाले यह कैमरे गांव की हाईटेक सिक्योरिटी के लिए मददगार साबित होंगे।












Click it and Unblock the Notifications