इंदौर में दंगा भड़काने की साजिश नाकाम, सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेज फैलाने वाले 4 गिरफ्तार
इंदौर, 28 अगस्त: मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दंगा भड़काने की कोशिश करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस गिरफ्त में आए सभी युवक सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेज फैला रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए समय रहते उनको गिरफ्तार किया, वरना शहर में कोई अनहोनी होना तय था।

इंदौर पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बताया कि सोशल मीडिया द्वारा इंदौर शहर में दंगा कराने की साजिश की गई। समय रहते कुछ लड़कों को पकड़ लिया गया। दंगा भड़काने की धारा के आधार पर FIR दर्ज़ की गई। अभी पुलिस ने 4 लोगों को राउंडअप किया है। एसपी आशुतोष बागरी के मुताबिक आरोपी लड़के सोशल मीडिया के द्वारा लोगों की भावनाओं को भड़काना चाहते थे। इनके इरादे ठीक नहीं थे। अगर वे सफल हो जाते तो एक बड़ा दंगा शहर में हो सकता था।
पुलिस की मानें तो आरोपी उज्जैन में लगे देश विरोधी नारे और इंदौर में चूड़ी बेचने वाले युवक की घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेज फैला रहे थे। पुलिस ने बताया कि अल्तमस, इमरान अंसारी, सैय्यद इरफान अली और जावेद खान सोशल मीडिया पर भड़काऊ और भ्रामक मैसेज फॉरवर्ड करने के काम को अंजाम दे रहे थे।
जानकारी के मुताबिक इस पूरी कार्रवाई को साइबर टीम और खजराना पुलिस ने पूरा किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में हाल ही में हुई घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर पैनी नजर बनाएं रखने के लिए एक स्पेशल टीम का गठन किया गया है, जो ऐसे वाट्स ग्रुप और सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है, जिससे किसी भी तरह से शहर के सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को टारगेट किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications