इंदौर: रक्षाबंधन पर चूड़ी बेचने वाले मुस्लिम शख्स की पिटाई, VIDEO वायरल
इंदौर, 23 अगस्त: मध्य प्रदेश के इंदौर में रक्षाबंधन पर चूड़ी बेचने वाले मुस्लिम शख्स की पिटाई का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो युवक को कुछ लोग बुरी तरह पीटते हुए नजर आ रहे हैं। चूड़ी बेचने वाले शख्स की किन कारणों से पिटाई की गई है, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है। उधर, इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक समुदाय के लोग जुटे और जमकर नारेबाजी की। हंगामे के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

Recommended Video
चूड़ी बेचने वाले शख्स की पिटाई
मामला इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में स्थित गोविंद नगर का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक के बैग की तलाशी ली जा रही है। इस दौरान इलाके के लोग उसकी पिटाई भी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन यानि 22 अगस्त को बाणगंगा इलाके में एक शख्स जमीन पर दुकान लगाकर चूड़ियां बेच रहा था। तभी वहां कुछ स्थानीय लोग पहुंचे और युवक की चूड़ियां निकालकर फेंकने लगे। उन लोगों ने नाराजगी जताई कि वह गैर समुदाय का होते हुए भी हिंदू इलाके में चूड़ियों की बिक्री कर रहा है।
वीडियो के मुताबिक, पिटाई कर रहे लोग युवक को लगातार धमकी दे रहे हैं कि वह क्षेत्र में अगली बार नजर नहीं आए। वहीं, युवक के लगातार माफी मांगने के बावजूद उसकी जमकर पिटाई की जाती रही। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों के द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि मुंबई बाजार में जिस तरह से घटना हुई है, उसका बदला ले लिया जाए और एक-एक थप्पड़ सब के द्वारा मारे जाएं।
लोगों ने घेरा थाना, पिटाई करने वालों पर एफआईआर दर्ज
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रविवार देर रात सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में समुदाय विशेष के लोग पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। इन लोगों ने मारपीट में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की। लोगों की भीड़ देखते हुए थाने के स्टाफ ने खुद को अंदर बंद कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल कोतवाली इलाके में तैनात किया गया। वहीं, सीनियर अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने मामला दर्ज कर कार्रवाई की बात कही, जिसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
कुमार विश्वास ने कही ये बात
कांग्रेस नेता जावेद अशरफ खान ने ट्वीट में कहा, सोशल मीडिया के दबाव के चलते इंदौर पुलिस ने मुस्लिम युवक की मॉब लिंचिंग घटना का संज्ञान लिया है, उन्होंने कहा कि हम पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। कवि कुमार विश्वास ने इस वीडियो पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से सवाल पूछे हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, एक चूड़ी बेचनेवाले को घेरकर लतियाते ये दर्जन भर लोग अगर इतने ही वीर हैं तो जरा सीमा पर जाकर दुश्मन के आगे जोर दिखाएं। कुमार विश्वास ने लिखा, आशा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह इस अराजकता पर खामोश नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा, कानून-संविधान के खिलाफ जाने वाले किसी धर्म-मजहब के हों देशद्रोही हैं। कानून सब पर लागू हो।












Click it and Unblock the Notifications