Zareen Khan काट रही हैं अस्पताल के चक्कर, इस वजह से नहीं मना सकीं अपना बर्थडे और ईद
मुंबई, 27 मई। बॉलीवुड एक्ट्रेस जरीन खान बीते कुछ दिनों से अस्पताल में चक्कर काट रही हैं। अपने ताजा पोस्ट में उन्होंने बताया कि उनकी मां परवीन खान की तबीयत पिछले कुछ सप्ताह से ठीक नहीं है। जरीन खान की मां परवीन फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। इस बीच एक्ट्रेस जरीन खान इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के लिए फैंस से रूबरू ना हो पाने के लिए माफी मांगी है साथ ही उन्होंने गुजारिश की है कि उनकी मां की सेहत के लिए सभी दुआ करें।

सलमान खान की एक्ट्रेस जरीन हैं परेशान
सलमान खान के साथ फिल्म 'वीर' से बॉलीवुड में कदम रखने वाली जरीन खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। बीते कुछ दिनों से वह अपनी मां की सेहत को लेकर परेशान थीं जिस वजह से अपना जन्मदिन और ईद का त्योहार भी अच्छे से नहीं सेलिब्रेट कर सकीं। जरीन ने अब सोशल मीडिया पर फैंस और फॉलोअर्स के नाम एक नोट शेयर किया है जिसमें उन्होंने अपनी मुश्किलों के बारे में बताया।

'मां की सेहत को लेकर काफी चिंतित'
एक्ट्रेस ने लिखा, 'मैं जानती हूं कि मैं थोड़ी लेट हो गई हूं लेकिन मेरे जन्मदिन और ईद पर आपने जो शुभकामनाएं और प्यार भेजा है, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद। मुझे खेद है कि मैं पर्सनली किसी के मैसेज का जवाब नहीं दे पा रही हूं। मैं पिछले डेढ़ महीने से अपनी मां की सेहत को लेकर काफी परेशान हूं, उनकी तबीयत ठीक नहीं है। बार-बार अस्पताल आना जाना हो रहा है, वर्तमान में उन्हें फिर से हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा है।'

फैंस से की ये अपील
जरीन खान आगे कहती है, 'मैं आप सभी से निवेदन करती हूं कि आप सभी उन्हें अपनी दुआओं में याद करें, ताकि वो जल्दी से स्वस्थ हो जाएं।' फिल्म अभिनेत्री ने मदर्स डे के अवसर पर इंस्टाग्राम पोस्ट में मां और बहन के साथ एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की थी। इसके कैप्शन में उन्होंने ने लिखा था, 'मेरे लिए हर दिन मदर्स डे है क्योंकि मुझे ये बताने के लिए कि मैं अपनी मां से कितना प्यार करती हूं, किसी एक विशेष दिन की जरूरत नहीं। आपको मेरी मां बनाने के लिए ऊपर वाले का शुक्रिया।'

फिल्म की शूटिंग देखने पहुंची जरीन को मिला ऑफर
बता दें कि बीते 14 मई जरीन खान ने अपना 34वां जन्मदिन मनाया। कॉल सेंटर में काम करने वाली जरीन खान सलमान खान की 'युवराज' फिल्म की शूटिंग देखने गई थी। इसके बाद सलमान खान की टीम ने जरीन को कॉल करके बुलाया और फिल्म का ऑफर दिया जिसे जरीन ने झट से स्वीकार कर लिया। वीर फिल्म के 2020 में दस साल पूरे होने पर जरीन खान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखी थी और लिखा था कि मैं भाग्यशाली थी कि मुझे इतनी आसानी से बॉलीवुड में एंट्री मिली। मैंने बॉलीवुड का हिस्सा बनने के बारे में कभी नहीं सोचा था या कोई सपना नहीं देखा था। जब मैंने वीर के लिए अपना पहला शॉट दिया था तब मुझे यह भी नहीं पता था कि कैमरा कैसे फेस करना है।
यह भी पढ़ें: सुहाना खान ने अबराम को खास अंदाज में किया बर्थडे विश, वायरल हो रहा स्विमिंग पूल का ये क्यूट वीडियो












Click it and Unblock the Notifications