यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर कसा NIA ने शिकंजा! 7 घंटे चली पूछताछ, खंगाले जा रहे पाकिस्तान कनेक्शन के सारे राज
Jyoti Malhotra: हरियाणा की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा, जो कभी पाकिस्तान की सैर करके वहां की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रही थी, आज NIA के सवालों से घिरी हुई है। दो साल में तीन बार पाकिस्तान जाना, ठंड में पहलगाम जैसे संवेदनशील इलाकों की यात्रा करना, और सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे वीडियो डालना जो दुश्मन देश के लिए फायदेमंद हो सकते हैं- इन्हीं सब वजहों ने ज्योति को शक के घेरे में ला खड़ा किया है।
एक समय था जब लोग उसके ट्रैवल व्लॉग्स के दीवाने थे, लेकिन अब उसी यूट्यूबर को देश के खिलाफ जासूसी करने के आरोप में घंटों की पूछताछ का सामना करना पड़ रहा है। जांच एजेंसियों को शक है कि ज्योति मल्होत्रा का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर डाला गया कंटेंट देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। साथ ही पाकिस्तान के कुछ कद्दावर लोगों से उसकी नजदीकियां भी सवाल खड़े करती है।

ऐसे वीडियो, जिनमें उन इलाकों के विस्तृत दृश्य दिखाए गए हैं जो देश की सुरक्षा की दृष्टि से काफी अहम हैं, अब जासूसी के एंगल से देखे जा रहे हैं। उसके पाकिस्तान कनेक्शन से लेकर पहलगाम हमले के बाद का बयान, सब कुछ जांच के दायरे में है। सवाल ये है कि क्या ज्योति वाकई मासूम है या किसी बड़े नेटवर्क का एक छोटा मोहरा? एजेंसियां इसी सवाल का जवाब तलाशने में जुटी हैं।
ये भी पढ़ें: 'पाकिस्तानी जासूस' ज्योति मल्होत्रा को फांसी या उम्र कैद? देशद्रोह साबित होने पर कितनी होगी सजा? क्या है कानून
सात घंटे तक हुई पूछताछ
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने करीब सात घंटे तक पूछताछ की। एजेंसी की टीम पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने में लगी है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की गई कि जनवरी में वह पहलगाम क्यों गई और घटना के समय वह कहां थी।
तीन बार पाकिस्तान जाने पर सवाल
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी को ज्योति का दो साल में तीन बार पाकिस्तान जाना और जनवरी में पहलगाम जैसी ठंडी जगह पर टूर करना शक पैदा कर रहा है। आमतौर पर उस मौसम में वहां कम ही सैलानी जाते हैं। यही वजह है कि उसकी हर हरकत की गहराई से जांच की जा रही है।
वीडियो पर खड़े हुए सवाल
ज्योति ने अपने यूट्यूब चैनल पर पहलगाम, गुलमर्ग, डल झील और पैंगोंग लेक के वीडियो अपलोड किए थे। जांच एजेंसियों को शक है कि इन वीडियोज के जरिए कहीं न कहीं पाकिस्तान में बैठे आतंकियों को मदद मिल सकती है। अब ये जांचा जा रहा है कि ये वीडियो अनजाने में बनाए गए या किसी के कहने पर।
लोकेशन बार-बार बदली जा रही
पुलिस फिलहाल ज्योति को अलग-अलग थानों में रखकर पूछताछ कर रही है। कभी महिला थाने, कभी सिविल लाइन थाने और कभी सीआईए स्टाफ ऑफिस में उसे ले जाया गया। रविवार देर रात उसे उसके घर भी ले जाया गया, जहां से वह अपने कपड़े लेकर पुलिस के साथ फिर लौट गई।
लैपटॉप और मोबाइल की जांच जारी
ज्योति का मोबाइल और लैपटॉप जांच के लिए करनाल की FSL लैब भेजे गए हैं। वहां से रिपोर्ट मिलने के बाद कुछ अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस ने उसके जानने वालों और संपर्क में आए लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर भी निगरानी
जांच के चलते ज्योति का इंस्टाग्राम अकाउंट बंद कर दिया गया है। यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज भी जांच के घेरे में हैं। एजेंसियों को शक है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर डाले गए कुछ वीडियो देश की सुरक्षा के लिए खतरा हो सकते हैं।
वायरल हुआ था एक पुराना वीडियो
पहलगाम हमले के बाद ज्योति ने एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें वह आतंकियों को सपोर्ट करने वालों को भारतीय न मानने की बात कहती दिखी थी। इसके बाद उसका एक और वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह पाकिस्तान दूतावास के बाहर केक के साथ नजर आई थी।
पिता बोले - बेटी बेगुनाह है
ज्योति के पिता हरीश मल्होत्रा का कहना है कि उनकी बेटी निर्दोष है। उन्होंने यह भी माना कि ज्योति को पाकिस्तान नहीं जाना चाहिए था और अगर उन्हें पता होता, तो कभी नहीं जाने देते। उन्होंने यह भी बताया कि लॉकडाउन के बाद से परिवार छोटे भाई की पेंशन से चल रहा था।
पाकिस्तान में VIP ट्रीटमेंट
ज्योति के पाकिस्तान में बनाए गए वीडियो में वह बिल्कुल सहज नजर आ रही थी। उसे वहां VIP ट्रीटमेंट मिल रहा था, सुरक्षा मिली थी और कई बड़ी पार्टियों में शामिल होते हुए भी वह सहज दिख रही थी। जांच एजेंसियों को इसी बात पर शक है।
जांच एजेंसियां नेटवर्क तक पहुंचने में जुटीं
ज्योति के वीडियो में नजर आने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। एजेंसियों का मानना है कि इसके जरिए किसी जासूसी नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। इसी कड़ी में वृंदावन के एक युवक की भी जांच हो रही है जिससे उसका संपर्क था।
देश-विदेश में बढ़ी चर्चा
ज्योति के खिलाफ मामला सामने आने के बाद गूगल पर उसे सर्च करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी। महज 24 घंटे में एक लाख से ज्यादा लोग उसे सर्च कर चुके हैं। यूट्यूब पर उसके सब्सक्राइबर्स भी तेजी से बढ़े हैं।
ये भी पढ़ें: ज्योति मल्होत्रा से शहजाद तक, देश के वो 10 गद्दार कौन हैं? जो पाकिस्तानी जासूसी के आरोप में हुए गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications