ज्योति मल्होत्रा से शहजाद तक, देश के वो 13 गद्दार कौन हैं? जो पाकिस्तानी जासूसी के आरोप में हुए गिरफ्तार
Pakistani spy News Profile: भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से एक के बाद एक कई लोगों को पाकिस्तानी सेना और ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। भारत की खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पिछले कुछ दिनों में लगभग 13 पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें से ज्यादातर लोग हरियाणा और पंजाब से हैं।
ये गिरफ्तारी अभियान मई के शुरुआती दिनों से शुरू हुआ, जब सबसे पहले पंजाब में दो जासूसों को पकड़ा गया, जिनमें एक महिला भी शामिल थी। इसके बाद 13 मई को हरियाणा के पानीपत, हिसार, नूंह और कैथल जिलों से भी जासूसों की गिरफ्तारी हुई है। फिर उत्तर प्रदेश से दो जासूसों की गिरफ्तारी की गई।

अब हर किसी के मन में यह सवाल है कि आखिर ये जासूस कौन हैं? इन पाकिस्तानी जासूसों में हरियाणा की फेमस ट्रैवल व्लॉगर और यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से लेकर यूपी रामपुर के बिजनेसमैन शहजाद तक का नाम शामिल है। ऐसे में आइए आपको इन सभी गिरफ्तार 10 लोगों की कुंडली बताते हैं।

कौन हैं पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए लोग?
🔴 1. ज्योति मल्होत्रा (Jyoti Malhotra) हरियाणा, हिसार
हरियाणा के हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तानी एजेंसियों के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। ज्योति मल्होत्रा 2023 में एक बार और 2024 में दो बार पाकिस्तान जा चुकी थी। ज्योति 2024 में चीन भी जा चुकी थी। ज्योति के यूट्यूब चैनल 'Travel with JO' पर 3 लाख 85 हजार (खबर लिखे जाने तक) सब्सक्राइबर हैं और इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1.33 लाख फॉलोअर्स हैं।

ज्योति मल्होत्रा से पाकिस्तानी सेना और ISI को जानकारी देने के लिए पूछताछ की गई। वह दिल्ली में एक पाकिस्तानी दूतावास अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से मिली थीं। दूतावास की इफ्तार पार्टी में भी गई थीं।
पुलिस ने कहा कि पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी (पीआईओ) ज्योति को आईएसआई का एजेंट बनाने के लिए तैयार कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों ने हरियाणा पुलिस को सूचित किया था कि पीआईओ सोशल मीडिया पर सक्रिय रूप से लोगों की भर्ती कर रहे थे ताकि वे नरम बयानों को बढ़ावा दे सकें। ज्योति मल्होत्रा ने अपनी यात्राओं के दौरान कई हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों से बातचीत की थी। भले ही उसकी गिरफ्तारी हाल ही में हुई हो, लेकिन खुफिया एजेंसियां पहले से ही उसकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही थीं।
🔴 2. देवेंद्र सिंह (Devendra) हरियाणा के कैथल
हरियाणा के कैथल के मस्तगढ़ चीका गांव के निवासी देवेंद्र को भी हाल ही में भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान पाकिस्तानी सेना और आईएसआई को सूचनाएं देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक देवेंद्र ने बताया है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था। देवेंद्र ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ भी तस्वीरें शेयर की थी।

🔴 3. अरमान (Armaan) हरियाणा, नूंह
26 वर्षीय अरमान को 17 मई को हरियाणा के नूंह से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अरमान पर दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात एक कर्मचारी के जरिए भारतीय सेना और अन्य सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान के साथ साझा करने का आरोप लगाया है।

🔴 4. शहजाद (Shahzad), रामपुर
उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने रविवार को यूपी के रामपुर के टांडा कस्बे में एक संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस शहजाद को गिरफ्तार किया। उस पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस) के लिए काम करने का आरोप था।

एटीएस ने समाचार एजेंसी एएनआई के हवाले से बताया कि शहजाद मुरादाबाद का रहने वाला है। उसने कथित तौर पर भारत-पाकिस्तान सीमा पर अवैध रूप से सौंदर्य प्रसाधन, कपड़े, मसाले और अन्य सामान की तस्करी की थी।
🔴 5. गजाला (Guzala), पंजाब
पंजाब पुलिस ने उच्चायोग में तैनात एक पाकिस्तानी अधिकारी से जुड़ी जासूसी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में पंजाब के मलेरकोटला जिले से 32 वर्षीय विधवा महिला गजाला को गिरफ्तार किया है। ये भी पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारी दानिश से मिली थी। दानिश ने इनको शादी का झांसा भी दिया था और गूगल-पे और फोन-पे से पैसे भी ट्रांसफर करता था।
मलेरकोटला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गगन अजीत सिंह ने कहा कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी गजाला को भारतीय सेना की गतिविधियों के बारे में संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान स्थित हैंडलर को लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा, "गजाला ने खुलासा किया कि वह पैसे के बदले में ऐसा कर रही थी और आरोपी अधिकारी ने उसे UPI से ₹30,000 भेजे थे।''
🔴 6. यामीन मोहम्मद (Yameen Mohamad), पंजाब
यामीन मोहम्मद भी पंजाब के मलेरकोटला का है। ये गजाला का जान-पहचान का शख्स है। गजाला के साथ पाकिस्तानी दूतावास जा चुका था। पूछताछ के दौरान गजाला के द्वारा किए गए खुलासे के आधार पर यामीन मोहम्मद के रूप में पहचाने गए दूसरे व्यक्ति की भी पहचान की गई और उसे हिरासत में ले लिया गया था।
🔴 7. पलक शेर मसीह (Palak Sher Masih), पंजाब
पंजाब पुलिस ने अमृतसर में सेना के छावनी क्षेत्रों और एयरबेसों की संवेदनशील जानकारी और तस्वीरें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों को लीक करने के आरोप में पलक शेर मसीह को गिरफ्तार किया था। ग्रामीण अमृतसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनिंदर सिंह ने कहा कि पलक शेर मसीह के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के संपर्क में होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने कथित तौर पर संवेदनशील प्रतिष्ठानों के बारे में जानकारी लीक की। जिसके बाद हमने उनको गिरफ्तार किया और सारा डेटा बरामद किया।
🔴 8. सूरज मसीह (Suraj Masih), पंजाब
सूरज मसीह पर भी अमृतसर में सेना के छावनी क्षेत्रों और एयरबेसों की जानकारी शेयर करने का आरोप है। सूरज मसीह और पलक शेर मसीह दोनों को एक ही दिन 4 मई 2025 को गिरफ्तार किया गया था। ग्रामीण अमृतसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनिंदर सिंह ने कहा है कि उनका एक और साथी हरप्रीत था, जिसने उन्हें आईएसआई के संपर्क में लाया था, और हम उसे प्रोडक्शन वारंट पर अमृतसर जेल से लाएंगे। उनके खिलाफ पहले से ही एक एनडीपीएस मामला दर्ज है।
🔴 9. मोहम्मद मुर्तजा अली (Mohammad Murtaza Ali), जालंधर
मोहम्मद मुर्तजा अली जालंधर का रहने वाला है। उसे गुजरात पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। मोहम्मद मुर्तजा की गिरफ्तारी खुफिया इनपुट के बाद हुई थी। इसपर भी पाकिस्तान की आईएसआई के लिए जासूसी करने का आरोप है। उसने बातचीत करने के लिए खुद एक मोबाइल ऐप डेवलप किया था। उसके पास चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड थे।
🔴 10. नोमान इलाही (noman elahi) हरियाणा, पानीपत
नोमान इलाही हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है। ये पेश से एक कंप्यूटर ऑपरेटर था। ये पाकिस्तान के लिए एक 'डार्क वेब' जासूस की तरह काम करता था। नोमान ने कई बार रेलवे और मिलिट्री मूवमेंट की जानकारी भी विदेशी नंबरों पर भेजी थी। उसने पूछताछ में इस बात को कबूल कर लिया है कि उसने कई बार कैश लेकर दस्तावेजों को डार्कनेट के जरिए अपलोड किया था।
🔴 11. तारिफ (Tarif) हरियाणा नूंह
हनीफ के बेटे तारिफ को हरियाणा के नूंह जिले के तौडू उपखंड के कंगरका गांव से गिरफ्तार किया गया। हरियाणा पुलिस ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर भारत में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़े ऑपरेशन के तहत इसकी गिरफ्तारी की है।
🔴 12. सुखप्रीत सिंह (Sukhpreet Singh) पंजाब (गुरदासपुर)
पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में सुखप्रीत सिंह को गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। गुरदासपुर के दोरांगला पुलिस स्टेशन में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और फिलहाल जांच चल रही है।
🔴 13. करणबीर सिंह (Karanbir Singh) पंजाब (गुरदासपुर)
पंजाब पुलिस ने गुरदासपुर से करणबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि करणबीर सिंह ISI संचालकों के सीधे संपर्क में था। इसपर भारतीय सेना के जुड़ी जानकारी देने का आरोप है। इसपर आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।












Click it and Unblock the Notifications