कोलकाताः मेट्रो स्टेशन पर प्रेमी युगल की पिटाई के विरोध युवाओं ने चलाई फ्री हग कैंपेन
कोलकाता। कोलकाता मेट्रो में सफर कर रहे कपल की गले लगने की वजह से हुई पिटाई का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कोलकाता के युवाओं ने इस घटना का विरोध करने का एक अनूठा तरीका अपनाया। उन्होंने बुधवार को कोलकाता में मेट्रो स्टेशन के बाहर फ्री हग कैंपेन शुरू किया। युवाओं का कहना है कि गले लगना प्यार का संकेत है। युवाओं के हाथों में पोस्टर भी दिखे जिसपर 'हैशटैग फ्री हग' जैसे स्लोगन लिखे थे।

कैंपेन में शामिल युवाओं ने कहा कि जिन लोगों ने प्रेमी युगल की पिटाई की, उनका व्यवहार दिखाता है कि उनकी आंखों में दोष है। ऐसे में गले लगने वालों की सार्वजनिक तरीके से मेट्रो के अंदर पिटाई होना बहुत ही शर्मनाक है। चौंकाने वाली बात यह है कि जो लोग वीडियो में मारपीट करते नजर आ रहे हैं उनमें कई वरिष्ठ नागरिक भी थे।
दरअसल सोमवार रात को करीब 10 बजे एक कपल मेट्रो में सफर कर रहा था। दोनों आपस में बात कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मेट्रो में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने एक जोड़े के रवैये पर आपत्ति जताते हुए उनसे संयम रखने को कहा। जिससे लड़के और बुजुर्ग में बहस हो गई।
वाद-विवाद बढ़ने के बाद दमदम स्टेशन पर मेट्रो से बाहर निकलते ही कुछ लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। इस दौरान लड़की बीच बचाव में आई तो उसे भी पीट दिया। घटना में लड़की भी चोटिल हुई। बाद में कुछ अन्य यात्रियों ने उस जोड़े को बचा कर स्टेशन से बाहर निकाला। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए गए हैं। लेखिका तसलीमा नसरीन ने भी इस मामले में ट्विट किया है।
वहीं मेट्रो स्टेशन पर कपल की पिटाई पर कोलकाता मेट्रो के जीएम ने कहा कि, 'दमदम मेट्रो स्टेशन पर कपल पर हमले की हम निंदा करते हैं। हमने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन पिटाई का कोई सबूत हमें नहीं मिला है।'












Click it and Unblock the Notifications