यासीन मलिक के लिए स्क्वाड्रन लीडर रवि खन्ना की पत्नी बोलीं- खून के बदले खून, मौत के बदले मौत
नई दिल्ली, 19 मई। कश्मीरी अलगाववादी नेता यासीन मलिक को आतंकियों के लिए फंडिंग जुटाने के मामले में दोषी पाया गया है। यासीन मलिक ने खुद ही अपना गुनाह कबूल किया था जिसके बाद गुरुवार को एनआईए कोर्ट ने उसे दोषी ठहराया। उसे 25 मई को सजा सुनाई जाएगी। यासीन मलिक को दोषी ठहराए जाने के बाद भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर रवि खन्ना की पत्नी ने बयान दिया है।

Recommended Video
खून का बदला खून
अब यासीन मलिक को दोषी ठहराए जाने के बाद रवि खन्ना की पत्नी निर्मल खन्ना ने कहा "बुरे कर्मों का परिणाम बुरा होता है। भारतीय वायुसेना के चार लोग मारे गए थे एक यासीन मलिक के मर जाने से क्या फर्क पड़ता है।"
उन्होंने कहा कि रवि खन्ना का खून उसका पीछा कर रहा है और वह उस मामले में भी नहीं बचेगा।
उन्होंने कहा "यहां तक इंसाफ हुआ ना तो उसमें भी जरूर होगा। ये स्क्वाड्रन लीडर रवि खन्ना का खून है। यासीन मलिक ने बड़ी सफाई से हाथ धोकर सोचा था कि मैं तो बच गया।... स्क्वाड्रन लीडर खन्ना का खून इसको फॉलो कर रहा है, ये बचेगा नहीं। जो सजा सही सजा खून की सजा खून, मौत की सजा मौत वो इसे मिले। मैं इंतजार कर रही हूं।"
यासीन मलिक को ठहराया गया दोषी
यासीन मलिक को अभी आतंकी फंडिंग के जिस मामले में दोषी ठहराया गया है उसमें उसे आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
इसके पहले यासीन मलिक ने कोर्ट के सामने अपना गुनाह कबूलते हुए कहा था कि वह आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है और उस पर लगे आरोप सही हैं। यासीन मलिक जेकेएलएफ नामक अलगावादी संगठन का नेता है। 90 के दशक में उसने हथियार उठा लिया था और पाकिस्तान के इशारे पर कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार में शामिल रहा है। उसके ऊपर जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बहन रुकैया सईद के अपहरण का भी आरोप है।












Click it and Unblock the Notifications