'सांस जांचने के बहाने ब्रेस्ट और पेट को छुआ...', महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ शिकायत में क्या कहा?
Brij Bhushan Sharan Singh: रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देश के पहलवान कई दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। बृजभूषण पर 7 महिला पहलवानों ने यौन शोषण-मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। अब इसमें से दो महिला पहलवानों ने शिकायत में क्या कहा है...इसकी रिपोर्ट सामने आई है।
दो महिला पहलवानों ने अपनी शिकायत में कहा कि बृजभूषण शरण सिंह सांस लेने और छोड़ने की प्रक्रिया की जांच करने के बहाने उन्हें गलत तरीके से छूते थे। महिला पहलवानों ने शिकायत में कहा है कि प्रतियोगिताओं से लेकर वार्म-अप तक, हर जगह उनका शोषण हुआ है। दिल्ली के WFI ऑफिस में भी छेड़छाड़, गलत तरीके से छुना और अनचाहा शारीरिक संपर्क बनाए गए हैं।
महिला पहलवानों ने अपनी शिकायत के साथ दिल्ली पुलिस को सबूत भी दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की है। पहली प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता (IPC) की संबंधित धाराओं के साथ POCSO एक्ट के तहत दर्ज की गई है। क्योंकि आरोप लगाने वाली एक महिला नाबालिग।
दूसरी प्राथमिकी में अन्य महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं द्वारा शील भंग से संबंधित धाराओं के तहत शिकायत की गई है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों महिला पहलवानों ने बताया है कि कैसे बृजभूषण शरण सिंह ने कथित तौर पर उनके सांस पैटर्न की जांच करने के दौरान उनके ब्रेस्ट और पेट को अनुचित तरीके से छुआ।
7 महिला पहलवानों में से 2 ने आगे आकर डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। 21 अप्रैल 2023 को सीपी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई है। दोनों पहलवानों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
शिकायत में महिला पहलवानों ने बताया है कि कैसे बृजभूषण शरण सिंह ने सांस लेने और छोड़ने के तरीके जांच के बहाने उनके ब्रेस्ट और पेट को छुने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनका मानसिक और शारीरिक शोषण हुआ।
महिला पहलवानों ने कहा कि वो चुप इसलिए थीं क्योंकि बृजभूषण शरण सिंह ने करियर को खराब करने की धमकी दी थी। शिकायक में 5 घटनाक्रम का जिक्र किया गया है। ये घटनाएं साल 2016 की है।
कहा गया है कि 2016 के टूर्नामेंट के दौरान रेस्टोरेंट में पेट और ब्रेस्ट को बृजभूषण शरण सिंह ने गलत तरीके से छुआ था। उन्होंने साथ बैठने के लिए भी फोर्सफुली कहा था।
बृजभूषण के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 161 के तहत बयान दर्ज करने के लिए पुलिस द्वारा समन किए जाने के बाद नाबालिग से लगभग दो घंटे तक पूछताछ और जिरह की गई थी। इन्ही बातों को आधार बनाकर बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की लगातार मांग की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications