क्या जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल बनेंगे गुलाम नबी आजाद? अब नेता ने खुद बताया क्या है पूरा सच
Ghulam Nabi Azad News: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद को लेकर पिछले कई दिनों से कहा जा रहा है कि वो 'जम्मू-कश्मीर के अगले उपराज्यपाल' बन सकते हैं। अब गुलाम नबी आजाद ने इस संबंध से जुड़े सारे अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है।
पूर्व कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि, 'वो कश्मीर में किसी काम की तलाश या सत्ता की तलाश में नहीं हैं। वह सिर्फ जम्मू-कश्मीर के लोगों की सेवा करना चाहते हैं।'

गुलाम नबी आजाद ने कहा, "मैं लोगों से अनुरोध करूंगा कि वे अफवाह फैलाने वालों पर भरोसा न करें जो तेजी से काम कर रहे हैं... यहां एक ताजा अफवाह है कि गुलाम नबी आजाद अगले एलजी बनने जा रहे हैं। ये सच नहीं है।''
गुलाम नबी आजाद बोले- मैं कश्मीर लोगों की सेवा के लिए आया हूं...
गुलाम नबी आजाद ने अपनी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के स्थापना दिवस के अवसर पर एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "मैं किसी काम या पद की तलाश में जम्मू-कश्मीर नहीं आया हूं, कांग्रेस से अलग होने के बाद मैं लोगों की सेवा करना चाहता हूं, इसलिए यहां आया हूं।''
गुलाम नबी आजाद ने कहा, "जब मैं 2005 में (मुख्यमंत्री के रूप में) यहां आया था, तो मैंने लोगों की सेवा करने के लिए दो बेशकीमती (केंद्रीय) मंत्रालय, आवास और शहरी विकास और संसदीय कार्य छोड़ दिए थे। ऐसा नहीं था कि मेरे पास काम नहीं था।" कुछ नेताओं ने गुलाम नबी आजाद की आलोचना करते हुए कहा था कि वह भाजपा के आदेश पर जम्मू-कश्मीर की राजनीति में लौटे हैं।
गुलाम नबी आजाद ने बताया जम्मू-कश्मीर की दो मुख्य समस्याएं
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि बेरोजगारी और मुद्रास्फीति जम्मू-कश्मीर की दो मुख्य समस्याएं हैं। उन्होंने कहा, "मुद्रास्फीति बढ़ रही है। यह सच है कि मुद्रास्फीति केवल भारत के लिए नहीं है। यूरोप में मुद्रास्फीति सबसे बड़ी चुनौती है। लेकिन उनके पास इससे निपटने के अन्य साधन हैं। हम एक गरीब राज्य हैं।"
उन्होंने कहा, "बेरोजगारी बढ़ रही है। कोई नौकरियां नहीं हैं। सरकार पदों का विज्ञापन कर रही है लेकिन भर्ती नहीं हो रहे हैं। शिक्षित युवाओं के पास कोई नौकरी नहीं है और उनके माता-पिता ने उनकी शिक्षा पर अपनी बचत खर्च कर दी है।"












Click it and Unblock the Notifications