'पद्मावत' देखने की जिद पर अड़ी पत्नी, परेशान पति ने मांगी पुलिस सुरक्षा
यूपी के गाजियाबाद में इस फिल्म से जुड़ा एक अनोखा ही मामला सामने आया है। यहां पद्मावत का शो देखने की अपनी पत्नी के जिद के चलते एक युवक ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
Recommended Video

नई दिल्ली। संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म 'पद्मावत' की रिलीज को सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बावजूद देशभर में बवाल मचा हुआ है। राजपूत करणी सेना समेत कई हिंदू संगठन फिल्म पर बैन की मांग को लेकर लगातार हंगामा कर रहे हैं। बीती रात गुजरात के अहमदाबाद में भी हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने कई सिनेमा हॉल में तोड़फोड़ की। इस बीच यूपी के गाजियाबाद में इस फिल्म से जुड़ा एक अनोखा ही मामला सामने आया है। यहां पद्मावत का शो देखने की अपनी पत्नी के जिद के चलते एक युवक ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

फिल्म देखना चाहती है पत्नी, सुरक्षा...
गाजियाबाद के रहने वाले संदीप कुमार ने ट्विटर के जरिए गाजियाबाद पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए लिखा, 'मेरी पत्नी पद्मावत देखने की जिद कर रही है, क्या गाजियाबाद पुलिस मुझे फिल्म देखने के दौरान मेरे परिवार की सुरक्षा की गारंटी दे सकते हैं।' युवक ने अपने ट्वीट में सुरक्षा की मांग करते हुए गाजियाबाद के एसएसपी, डीएम और यूपी के सीएम ऑफिस को भी मेंशन किया है।

गाजियाबाद पुलिस ने क्या दिया जवाब
कुछ समय बाद ही युवक के ट्वीट पर जवाब देते हुए गाजियाबाद पुलिस ने लिखा, 'आप निश्चिंत होकर जाएं। गाजियाबाद पुलिस जनता की सुरक्षा में लगी हुई है।' गौरतलब है कि पद्मावत फिल्म को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में करणी सेना और हिंदू संगठन फिल्म की रिलीज का विरोध कर रहे हैं। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि फिल्म के जरिए रानी पद्मावती के गौरवशाली इतिहास से छेड़छाड़ की गई है, जिससे राजपूत समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

पद्मावत की रिलीज पर हंगामा
मंगलवार देर रात गुजरात के अहमदाबाद में प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के विरोध में भारी तोड़फोड़ और आगजनी की। बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। वहीं गुरूग्राम में प्रशासन ने हालातों को देखते हुए धारा 144 लागू कर दी है। करणी सेना ने फिल्म की स्क्रीनिंग कर रहे सिनेमाघरों को निशाना बनाने की धमकी दी है। गुड़गांव में 40 से ज्यादा सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स हैं। राजपूत करणी सेना की धमकी के मद्देनजर गुड़गांव में रविवार तक निषेधाज्ञा लगा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications