WhatsApp Down: व्हाट्सएप पर न फोटो जा रही न वीडियो,हजारों अकाउंट अचानक Under Review, आखिर क्या हो रहा है?
WhatsApp Down: अचानक व्हाट्सएप चलाना बंद हो गया? न फोटो सेंड हो रही है, न कोई वीडियो या स्टीकर जा रहा है? अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो बेफिक्र रहिए, आपके फोन या इंटरनेट में कोई खराबी नहीं है। 03 अगस्त शाम करीब 8 बजे से पूरी दुनिया में व्हाट्सएप का सर्वर अचानक डाउन हो गया है।
लाखों यूजर्स इस ब्लैकआउट से परेशान हैं। अकाउंट पर 'Under Review' लिखा आ रहा है। हजारों यूजर्स ने अपनी बात सोशल मीडिया पर लिखी है।

अचानक क्या हुआ व्हाट्सएप को?
सोमवार (03 अगस्त) शाम अचानक बड़ी संख्या में WhatsApp यूजर्स ने सोशल मीडिया पर शिकायतें पोस्ट करनी शुरू कर दीं। किसी का फोटो भेजना बंद हो गया, किसी का वीडियो अपलोड नहीं हुआ और कई लोग स्टिकर तक नहीं भेज पा रहे थे। कुछ यूजर्स ने बताया कि WhatsApp Status भी अपडेट नहीं हो रहा था।
इसी दौरान Downdetector और StatusGator जैसे आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म पर शिकायतों का ग्राफ तेजी से ऊपर चला गया। सबसे ज्यादा दिक्कत फोटो-वीडियो भेजने और स्टेटस अपडेट करने में आई।
मैसेज तो फिर भी जैसे-तैसे डिलीवरी ले रहे थे, लेकिन गैलरी से कुछ भी भेजने पर सिर्फ 'रीट्राई' का एरर दिखता रहा। कई लोगों को लगा कि उनका डेटा पैक खत्म हो गया है, पर असली गड़बड़ी व्हाट्सएप के सर्वर में ही निकली।
अकाउंट अचानक 'Under Review' क्यों हो गए?
आउटेज के बीच एक और अजीब बात पता चली जब भारत समेत कई देशों के यूजर्स की स्क्रीन पर एक मैसेज आया "Account in review"। ऐप पर लिखा आया कि आपकी गतिविधियों और डिवाइस की जांच हो रही है ताकि नियमों का पालन किया जा सके। इस समीक्षा में 24 घंटे तक का वक्त मांगा गया और इस दौरान ऐप के सारे फीचर्स बंद कर दिए गए।
व्हाट्सएप के प्रवक्ता ने सफाई देते हुए कहा, "हम अपनी सर्विस का गलत इस्तेमाल रोकने के लिए लगातार काम करते हैं और नियम तोड़ने वाले अकाउंट्स को बैन करते हैं। कई बार हमसे भी गलती हो जाती है, जिसे हम जल्द से जल्द ठीक करके लोगों की बातचीत चालू कराने की कोशिश करते हैं।"
परेशान यूजर्स ने X पर निकाला गुस्सा
बिना किसी चेतावनी के अकाउंट बंद होने से लोग बेहद घबरा गए। 'सलोनी' नाम की एक यूजर ने 'X' पर लिखा, "बिना किसी चेतावनी के मेरा व्हाट्सएप अचानक बंद कर दिया गया। मैं सिर्फ ऑफिशियल ऐप इस्तेमाल करती हूं और मेरा पूरा काम इसी पर टिका है। कृपया मेरी मदद करें, यह बिना बात की परेशानी है।"
एक अन्य पोस्ट में लिखा गया कि "स्टेटस अपडेट नहीं हो रहा, इसलिए फोन या इंटरनेट को दोष देने की जरूरत नहीं है। लगता है WhatsApp की तरफ से ही दिक्कत है।" एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि "एक घंटे तक ChatGPT से फोन ठीक करवाने की कोशिश करता रहा, बाद में पता चला कि दिक्कत तो WhatsApp की ही थी।"
क्या नया Android Beta अपडेट जिम्मेदार है?
आउटेज के बीच WABetaInfo की एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई। इसमें दावा किया गया कि Android के WhatsApp Beta वर्जन 2.26.31.2 में एक बग है, जिसकी वजह से मीडिया फाइल भेजने में दिक्कत आ रही है। साथ ही कहा गया कि अगला अपडेट इस समस्या को ठीक कर देगा।
हालांकि अभी तक WhatsApp या उसकी पैरेंट कंपनी Meta ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए फिलहाल इसे केवल वायरल दावा ही माना जा सकता है।
अभी आपको क्या करना चाहिए?
अगर आपका WhatsApp भी इसी तरह की दिक्कत दिखा रहा है, तो फिलहाल बार-बार ऐप री-इंस्टॉल करने, फोन रीस्टार्ट करने या इंटरनेट बदलने से शायद फायदा नहीं होगा। क्योंकि शुरुआती संकेत बताते हैं कि मामला सर्वर या सिस्टम लेवल का है। ऐसे में सबसे सही कदम आधिकारिक अपडेट का इंतजार करना है।
अगर आपका अकाउंट Under Review में चला गया है, तो WhatsApp की ओर से दिखाए गए रिव्यू प्रोसेस का इंतजार करें। स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों को फॉलो करें और किसी अनऑफिशियल ऐप या थर्ड पार्टी टूल का इस्तेमाल करने से बचें।


Click it and Unblock the Notifications
