'Who is Rahul Gandhi' ट्विटर पर क्यों हो रहा है ये ट्रेंड, जवाब में पब्लिक दिखा रही है आईना
Rahul Gandhi News: लोकसभा चुनाव-2024 के बीच कांग्रेस पार्टी के नेता और रायबरेली से उम्मीदवार राहुल गांधी ने 10 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक बहस करने की चुनौती दी थी। तभी से ट्विटर पर ''Who is Rahul Gandhi'' टॉप ट्रेंड कर रहा है।
इस ट्रेंड के साथ राहुल गांधी ट्रोल हो रहे हैं। जनता उन्हें आईना दिखाते हुए कह रही है कि आखिरी पीएम मोदी आपके साथ बहस क्यों करेंगे...ना तो आप विपक्षी गठबंधन के पीएम उम्मीदवार हैं और ना आप किसी पार्टी के प्रमुख हैं, फिर पीएम मोदी को आपसे बहस करने की जरूरत क्यों है।

हालांकि ''Who is Rahul Gandhi'' के साथ कई लोग राहुल गांधी का सपोर्ट भी कर रहे हैं। दूसरी तरफ सत्तारुढ़ भाजपा भी राहुल गांधी की इस चुनौती को लेकर उनपर तंज कर रही है। खुद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी राहुल गांधी को लेकर इस पर हमला बोला है।
स्मृति ईरानी बोलीं- क्या राहुल गांधी PM उम्मीदवार हैं?
केंद्रीय मंत्री और अमेठी से भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने कहा, ''सबसे पहले, जिस व्यक्ति में अपने तथाकथित महल में एक सामान्य भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ चुनाव लड़ने का साहस नहीं है, उसे इस तरह की बात नहीं करनी चाहिए। दूसरी बात, जो पीएम मोदी के साथ बैठकर बहस करना चाहता है, मैं उससे पूछना चाहती हूं कि क्या वह I.N.D.I.A गठबंधन का पीएम उम्मीदवार है?''
राहुल गांधी को ट्रोल करने वाले ट्विटर यूजर क्या बोल रहे हैं?
''Who is Rahul Gandhi'' ट्रेंड पर एक ट्विटर यूजर ने कहा, ''राहुल गांधी ने पीएम मोदी को बहस की चुनौती दी है। लेकिन राहुल गांधी कौन हैं? वह न तो प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं और न ही किसी विपक्षी दल के अध्यक्ष हैं। राहुल गांधी 542 अन्य लोगों की तरह सांसद हैं, जिनमें से 200 गैर एनडीए सदस्य हैं। अगर प्रधानमंत्री एक दिन में एक गैर एनडीए सांसद से बहस करते हैं तो उन्हें 6 महीने से ज्यादा समय लगेगा, लेकिन राहुल गांधी स्पेशल ट्रीटमेंट चाहते हैं क्योंकि वह प्रधानमंत्रियों के परिवार से आते हैं। वह भूल जाते हैं कि अब समय बदल गया है, लोग गांधी परिवार को अपना शासक नहीं मानते हैं और लोग उन्हें भ्रष्ट लोगों की तरह अब देखते हैं। यही बात राहुल गांधी को सबसे ज्यादा परेशान करती है। उनकी मूर्खता को छोड़कर, वह स्पेशल ट्रीटमेंट चाहते हैं और उसे मना करना उसकी बहस की चुनौती पर हंसने का कारण है।''
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता व पार्टी के सोशल मीडिया व डिजिटल मीडिया प्लेटफार्म की चेयरमैन सुप्रिया श्रीनेत को एक यूजर ने जवाब देते हुए लिखा, ''कौन हैं राहुल गांधी, वह किस हैसियत से पीएम मोदी के साथ डिबेट करना चाहते हैं। वह केवल सांसद का चुनाव लड़ रहे हैं। वह पीएम उम्मीदवार नहीं है! मोदी पीएम उम्मीदवार हैं! केवल विपक्ष के पीएम उम्मीदवार के साथ ही मोदी डिबेट कर सकते हैं। ''
सुप्रिया श्रीनेत ने अपने ट्वीट में लिखा, ''मोदी जी, आइए बिना टेलीप्रॉम्पटर के बात की जाए, राहुल गांधी तैयार हैं - आप हिम्मत दिखाइए।''
एक अन्य यूजर ने कहा, ''कौन हैं राहुल गांधी? जवाब- राहुल गांधी, वो इंसान है जो सत्ता में आने के लिए कुछ भी भाषण बाजी करते हैं !! ये सिर्फ सुप्रिया श्रीनेत आपके लिए ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं, देश के लिए नहीं। इस जन्म में तो नहीं।''
समर्थक बोले- राहुल गांधी आम आदमी के नेता हैं
इस ट्रेंड के साथ जहां राहुल गांधी को ट्रोल किया जा रहा है, वहीं कई यूजर उनका समर्थन भी कर रहे हैं। कई ट्विटर यूजर ने लिखा है कि राहुल गांधी इस देश के आम जनता के नेता हैं। कई यूजर ने लिखा है कि, राहुल गांधी किसानों, महिलाओं और गरीब मजदूरों के लिए आवाज उठाने वाले नेता हैं।
आप भी देखें कुछ ट्वीट
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को चुनौती देते हुए क्या कहा था?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, ''स्वस्थ लोकतंत्र के लिए प्रमुख दलों का एक मंच से अपना विजन देश के समक्ष रखना एक सकारात्मक पहल होगी। कांग्रेस इस पहल का स्वागत करती है और चर्चा का निमंत्रण स्वीकार करती है। देश प्रधानमंत्री जी से भी इस संवाद में हिस्सा लेने की अपेक्षा करता है।''












Click it and Unblock the Notifications