उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में किसकी बनेगी सरकार? चुनाव से ठीक पहले सामने आया ये बड़ा सर्वे
उत्तराखंड, पंजाब और गोवा विधानसभा चुनाव को लेकर टाइम्स नाउ-वीटो का ओपिनियन पोल सामने आया है।
नई दिल्ली, 29 जनवरी: कड़कड़ाती सर्दी के बीच पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर देश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। केवल पंजाब को छोड़कर बाकी चार राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में इस समय भाजपा की सरकार है और पार्टी के ऊपर इन राज्यों में अपनी सत्ता को बरकरार रखने की चुनौती है। वहीं, विपक्ष भी दावा कर रहा है कि देश की जनता भाजपा के खिलाफ है और इन राज्यों में इस बार बड़ा बदलाव होगा। इस बीच उत्तराखंड, गोवा और पंजाब को लेकर टाइम्स नाउ-वीटो को ओपिनियन पोल सामने आया है, जिसमें कांग्रेस के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर है।

पंजाब में इस बार कौन बनाएगा सरकार?
टाइम्स नाउ-वीटो ओपिनियन पोल के मुताबिक, पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी बड़ी जीत हासिल करते हुए सरकार बना सकती है। 117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में आम आदमी पार्टी को 57 से 60 सीटों पर जीत मिलती हुई नजर आ रही है। वहीं, पंजाब में सरकार चला रही कांग्रेस के खाते में इस बार 43 से 46 सीटें जा सकती हैं। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल को 10 से 13 सीटें और भारतीय जनता पार्टी के खाते में 0 से 3 सीटें जा सकती हैं। हालांकि कांग्रेस के लिए एक राहत की खबर यह है कि सर्वे में शामिल 46.32 फीसदी लोग मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कामकाज से खुश हैं।

गोवा में क्या वापस लौट पाएगी भाजपा?
गोवा को लेकर किए गए टाइम्स नाउ-वीटो के ओपिनियन पोल में भारतीय जनता पार्टी यहां एक बार फिर से सरकार बनाती हुई नजर आ रही है। हालांकि, आम आदमी पार्टी के लिए भी गोवा से अच्छी खबर है। ओपिनियन पोल के मुताबिक, गोवा की 40 विधानसभा सीटों में से भाजपा 20 से 23 सीट और आम आदमी पार्टी 6 से 10 सीटें जीत सकती है। वहीं कांग्रेस के खाते में इस बार 4 से 6 सीटें जाती हुई नजर आ रही हैं। इसके अलावा 5 से 6 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीत हासिल कर सकते हैं। वोट शेयर की अगर बात करें तो भाजपा को यहां 32.64 फीसदी, कांग्रेस को 16.74 फीसदी और आम आदमी पार्टी को 24.85 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है।

उत्तराखंड में कांग्रेस को मिलेंगी कितनी सीटें?
टाइम्स नाउ-वीटो ओपिनियन पोल के नतीजों में मौजूदा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लोगों ने अगले सीएम के तौर पर भी अपनी पहली पसंद बताया है। 70 विधानसभा सीटों वाले उत्तराखंड में भाजपा एक बार फिर से सरकार बना सकती है और उसे 42 से 46 सीटों पर जीत मिलती हुई नजर आ रही है। वहीं कांग्रेस को 12 से 14 सीटें और आम आदमी पार्टी के खाते में 8 से 11 सीटें जा सकती हैं। इसके अलावा 2 से 5 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों को जीत मिल सकती है। वोट शेयर के मामले में भी भाजपा सबसे आगे है और उसके खाते में 41.11 फीसदी वोट शेयर जा सकता है। वहीं, कांग्रेस को 27.31 फीसदी और आम आदमी पार्टी को 18.67 फीसदी वोट शेयर मिलता हुआ नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस प्रमुख सिद्धू ने अमृतसर से, आप के CM चेहरे भगवंत मान ने धुरी से भरा चुनावी नामांकन











Click it and Unblock the Notifications