शशि थरूर बनना चाहते हैं Kerala के सीएम? नई पोस्ट ने मचाई खलबली? क्या इस वजह से चल रही है राहुल से खटपट?
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) को आगामी केरल विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा जनसमर्थन मिला है। मुंबई स्थित पोल एजेंसी VoteVibe द्वारा कराए गए प्री-पोल सर्वे में थरूर को UDF (यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) का मुख्यमंत्री चेहरा बनाने के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बताया गया है।
इस सर्वे में उन्हें 28.3% वोटर्स का सपोर्ट मिला है, जबकि 27.1% मतदाता अभी किसी स्पष्ट नाम पर सहमत नहीं हैं।

शशि थरूर ने यह सर्वे खुद X (ट्विटर) पर शेयर किया, जिसे कांग्रेस के सीनियर नेताओं राहुल गांधी (Rahul Gandhi), प्रियंका गांधी ( Priyanka Gandhi), केसी वेणुगोपाल (K.C. Venugopal) और विपक्ष के नेता वीडी सतीसन (V.D. Satheesan) को टैग किया गया था।
पोस्ट में लिखा गया, 'गुटबाजी से जूझ रहे UDF गठबंधन के लिए 2026 केरल चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए शशि थरूर सबसे उपयुक्त चेहरा बनकर उभरे हैं।
हालांकि, पार्टी के अंदर इस चर्चा को फिलहाल आधिकारिक समर्थन नहीं मिला है। नव नियुक्त केरल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने बयान दिया कि पार्टी में नेतृत्व का निर्णय हमेशा चुनाव के नतीजों के बाद तय होता है और इसके लिए एक प्रक्रिया होती है।
थरूर और कांग्रेस हाईकमान के बीच के रिश्ते पहले से ही चर्चा में रहे हैं, खासकर जब उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। हाल ही में उन्हें ऑपरेशन सिंदूर जैसे प्रमुख अभियानों में शामिल नहीं किए जाने से यह दूरी और गहरी होती दिखी।
फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सौंपना, राजनीतिक गलियारों में एक संकेत के तौर पर देखा गया। अमेरिका यात्रा से लौटने के बाद थरूर ने पार्टी से मतभेद स्वीकार करते हुए कहा था, 'मैं बातचीत के लिए हमेशा तैयार हूं।'
VoteVibe के इस सर्वे में यह भी सामने आया कि न सिर्फ UDF, बल्कि सत्तारूढ़ LDF (लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट) में भी नेतृत्व को लेकर असमंजस की स्थिति है। LDF में सबसे पसंदीदा चेहरा पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के.के. शैलजा रहीं, जिन्हें 24.2% समर्थन मिला, जबकि मौजूदा मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को सिर्फ 17.5% वोटर्स का समर्थन मिला।












Click it and Unblock the Notifications