कौन थे एयरफोर्स के अफसर आरके तिवारी? जिनकी आगरा में ट्रेनिंग के दौरान पैराशूट नहीं खुलने से हुई मौत
IAF officer RK Tiwari dies: आगरा में स्काईडाइविंग ट्रेनिंग सेशन के दौरान 'डेमो ड्रॉप' के दौरान पैराशूट नहीं खुलने से शनिवार 05 अप्राल को भारतीय वायु सेना (एयरपोर्फ) के 41 वर्षीय अफसर राम कुमार तिवारी उर्फ आरके तिवारी की मौत हो गई है। स्काईडाइविंग के दौरान उन्होंने आसमान में हेलिकॉप्टर से छलांग लगाई थी लेकिन पैराशूट नहीं खुलने से वो सीधे जमीन पर गिर पड़े। उनके साथी उन्हें फौरन अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 2 घंटे में मृत घोषित कर दिया।
यूपी के प्रतापगढ़ जिले के एक गांव के वारंट अधिकारी राम कुमार तिवारी आईएएफ की आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम में पैरा जंप प्रशिक्षक थे। एयरफोर्स द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि उन्होंने करीब 1,000 फीट की ऊंचाई से हेलिकॉप्टर से छलांग लगाई थी। लेकिन उनका पैराशूट काम नहीं कर रहा था, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के समय वह जवानों को पैरा जंप की ट्रेनिंग दे रहे थे।

अपने पीछे पत्नी और 2 बेटों को छोड़ गए आरके तिवारी
आगरा के सदर बाजार थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) वीरेश पाल गिरी ने कहा, "आरके तिवारी अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ वायुसेना के आवासीय क्वार्टर में रह रहे थे। वह 2002 में भारतीय वायुसेना में शामिल हुए थे।"
आरके तिवारी के परिवार में उनकी पत्नी प्रीति तिवारी और दो बेटे यश (14) और कुश (10) हैं। जब से आरके तिवारी की मौत की खबर उनकी पत्नी प्रीति को मिली...वो बेसुध हैं। आरके तिवारी के पिता रमाशंकर तिवारी और मां उर्मिला प्रतापगढ़ में रहते हैं।
रामकुमार तिवारी एक हफ्ते पहले ही अपने गांव गए थे। अंतिम संस्कार के लिए आरके तिवारी का पार्थिव शव प्रतापगढ़ स्थित उनके गांव बेलहा ले जाया जाएगा। जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका आज रविवार 06 अप्रैल को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
भारतीय वायुसेना ने आरके तिवारी के निधन पर क्या कहा?
भारतीय वायुसेना ने एक बयान में कहा, "आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम के पैरा जंप प्रशिक्षक आरके तिवारी की शनिवार आगरा में डेमो ड्रॉप के दौरान लगी चोटों के कारण मृत्यु हो गई। भारतीय वायुसेना इस क्षति पर गहरा शोक व्यक्त करती है। शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती है और दुख की इस घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।"
इस वर्ष फरवरी में मालपुरा ड्रॉपिंग जोन में नियमित पैरा जंपिंग अभ्यास के दौरान कर्नाटक की जूनियर वारंट ऑफिसर मंजू नाथ (36) की मृत्यु के बाद आगरा में पैराशूट सही समय पर तैनात न होने की यह दूसरी घटना है।












Click it and Unblock the Notifications