WHO ने जम्मू-कश्मीर को दिखाया चीन और पाकिस्तान का हिस्सा, TMC ने की कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली, 30 जनवरी: विश्व स्वास्थ्य संगठन की वेबसाइट पर भारत का गलत नक्शा दिखाया जा रहा है। जिसको लेकर देश में राजनीति शुरू हो गई है। रविवार को टीएमसी ने इस मुद्दे को उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक पत्र लिखा। साथ ही जल्द से जल्द WHO की आधिकारिक वेबसाइट से इसे हटवाने की मांग की। टीएमसी का आरोप है कि जम्मू कश्मीर पर क्लिक करने पर चीन से संबंधित डेटा दिखाया जा रहा है।

ये पत्र तृणमूल कांग्रेस के सांसद डॉ. शांतनु सेन ने पीएम मोदी को लिखा है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि WHO अपनी साइट पर जम्मू-कश्मीर के हिस्से को चीन और पाकिस्तान का दिखा रहा है। सेन ने लिखा कि जब मैंने WHO की साइट पर क्लिक किया, तो एक वर्ल्ड मैप खुलकर आया। जब मैंने भारत को जूम किया तो जम्मू और कश्मीर दो अलग-अलग रंग का दिख रहा था। सांसद के मुताबिक जब उन्होंने बड़े हिस्से पर क्लिक किया तो उसमें पाकिस्तान से संबंधित डेटा था, जबकि छोटे हिस्से में चीन का डेटा दिखाया गया।
टीएमसी सांसद के मुताबिक WHO ने अरुणाचल प्रदेश के हिस्से को भी दुनिया के नक्शे पर भारत से अलग करके दिखाया है। इस पर उन्होंने लिखा कि मेरा दृढ़ विश्वास है कि ये एक गंभीर अंतरराष्ट्रीय समस्या है। जिसकी जांच भारत सरकार को करनी चाहिए। उनका मानना है कि इस मुद्दे को पहले ही उठा देना था। उन्होंने केंद्र पर कटाक्ष करते हुए लिखा कि सब कुछ जानते हुए भी एक अहम मुद्दे को नजरअंदाज कर दिया गया। ऐसे में वो इसमें सुधार की मांग करते हैं।
संसद में भी उठ सकता है मामला
संसद का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। जिसके हंगामेदार होने की उम्मीद है। अगर जल्द ही केंद्र सरकार ने ये मामला नहीं सुलझाया तो विपक्षी दल संसद में भी इसको उठाकर मोदी सरकार को घेर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications