कौन है वो पाकिस्तानी मॉडल जो बिना सिर ढके करतारपुर साहिब पहुंचीं, 'बेअदबी' के लिए इमरान खान से हुई शिकायत
कौन है वो पाकिस्तानी मॉडल जो बिना सिर ढ़के करतारपुर साहिब पहुंचीं, 'बेअदबी' के लिए इमरान खान से हुई शिकायत
नई दिल्ली, 30 नवंबर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित करतारपुर गुरुद्वारा दरबार साहिब के परिसर में एक पाकिस्तानी मॉडल में बिना सिर ढ़के तस्वीर ली, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर जमकर विवाद हो रहा है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष और अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसको लेकर पाकिस्तान के पीएम इमरान खान से ट्वि्टर पर शिकायत भी की है और कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा है। इसके बाद पाकिस्तान पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। इतना ही नहीं पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने भी कहा कि डिजाइनर और मॉडल को सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए। विवाद बढ़ने के बाद पाकिस्तानी मॉडल सारी फोटो डिलीट कर दी है और सिख समुदाय से माफी मांगी है। बता दें कि सिख समुदाय में परंपरा के मुताबिक कोई भी बिना सिर ढके गुरुद्वारा में नहीं जाता है।

जानें क्या है पूरा मामला?
असल में पाकिस्तान के लाहौर में स्थित में मन्नत नाम के एक ऑनलाइन क्लोदिंग स्टोर के मालिक ने क्लोदिंग ब्रांड के विज्ञापन के तौर पर मॉडल के फोटोशूट की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। तस्वीरों में पाकिस्तानी महिला गुरुद्वारा दरबार साहिब के सामने लाल सलवार सूट पहने पोज देती हुई दिखाई दे रही थी, जहां उसका सिर खुला हुआ था। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें वो बिना सिर ढके करतारपुर गुरुद्वारा परिसर में वीडियो के लिए पोज दे रही हैं। पाकिस्तान में करतारपुर साहिब गुरुद्वारा सिखों का पवित्र स्थल है। दुनियाभर के गुरुद्वारों में, सभी आगंतुकों को अपना सिर ढक कर रखना आवश्यक है। सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान इस ओर गया और देखते ही देखते शिकायत पाकिस्तान के पीएम तक पहुंच गई।

जानिए कौन है ये पाकिस्तानी मॉडल
इस पाकिस्तानी मॉडल का पूरा नाम सौलेहा इम्तियाज है। सुलेहा का इंस्टाग्राम अकाउंट swalaaa_lala नाम से है। इनके इंस्टा अकाउंट पर 29 हजार फॉलोअर्स हैं। सौलेहा मॉडल, ब्लॉगर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं। हालांकि ये पाकिस्तान में बहुत अधिक फेमस नहीं हैं। लेकिन ये क्लोदिंग ब्रैंड के लिए काफी शूट कराती हैं। सौलेहा इम्तियाज का फिलहाल कोई शो या वेब सीरिज नहीं आया है। इन्होंने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अपनी पहचान एक डिजिटल क्रिएटर बताई है।

पाकिस्तानी मॉडल ने कहा- Sorry
पाकिस्तानी मॉडल सौलेहा इम्तियाज ने विवाद बढ़ने के बाद एक लंबे चौड़े इंस्टाग्राम पोस्ट में माफीनाम लिखा है। मॉडल ने माफीनामे की शुरुआत 'सॉरी' से की है। सौलेहा ने लिखा, ''हाल ही में मैंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की जो कि शूट का हिस्सा या किसी कर्मिशियल नहीं था। मैं सिर्फ इतिहास जानने और सिख समुदाय के बारे में जानने के लिए करतारपुर गई थी। मेरा मकसद उस फोटो से किसी की भावनाओं या कुछ भी आहत करने का नहीं था। हालांकि, अगर मैंने फिर भी जाने-अनजाने में किसी को चोट पहुंचाई है या उन्हें लगता है कि मैं उनकी संस्कृति/धर्म का सम्मान नहीं करती हूं तो मुझे क्षमा करें। मैंने वहां बस लोगों को तस्वीरें लेते देखा और मैंने वहां बहुत सारे सिख लोगों को भी तस्वीर लेते देखा, इसलिए मैंने ऐसा किया। मैं वो पहली नहीं हूं, जिसने ऐसी तस्वीर ली।''

पाकिस्तानी मॉडल बोलीं-'सिख संस्कृति का सम्मान करती हूं...'
पाकिस्तानी मॉडल सौलेहा इम्तियाज ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, '' मैं सिख संस्कृति और धर्म का बहुत सम्मान करता हूं और मै सभी सिख समुदाय से माफी मांगती हूं। ये तस्वीर मैंने बस अपनी यादों के लिए की, कि मैं वहां ( करतारपुर गुरुद्वारा ) गई थी। न कुछ ज्यादा, न कुछ कम। हालांकि, भविष्य में मैं हमेशा इन चीजों के बारे में और अधिक स्पष्ट रहूंगी और इस तरह के कृत्यों को करने से बचूंगी। कृपया इसे शेयर करें ताकि लोगों को पता चले कि यह जानबूझकर नहीं किया गया था।''

'बेअदबी' के लिए इमरान खान से मनजिंदर सिंह सिरसा ने की शिकायत
पाकिस्तानी मॉडल की इस हरकत से दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष और अकाली दल के प्रवक्ता मनजिंदर सिंह सिरसा काफी नाराज हुए। मनजिंदर सिंह सिरसा ने ट्वीट किया, ''श्री गुरु नानक देव जी के इस धार्मिक स्थान श्री करतारपुर साहिब पर ऐसा ओछा व्यवहार ''बेअदबी'' है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थानों पर ओछा व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे इमरान खान और पाकिस्तान की सरकार। हमें ये बेअदबी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं।''

पंजाब सरकार ने जांच के दिए आदेश
नाराजगी के जवाब में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने कहा कि उन्होंने मामले के जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा,जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने मामले पर पूरी रिपोर्ट मांगी है। पंजाब सरकार ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा, ''मुख्यमंत्री पंजाब उस्मान बुजदार ने करतारपुर के गुरुद्वारे में हुई घटना पर सख्त संज्ञान लिया है और मुख्य सचिव से पूरी रिपोर्ट मांगी है। इस घटना की गहन जांच की जाएगी। सीएम पंजाब ने दोहराया कि पाकिस्तान में सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है।''












Click it and Unblock the Notifications