कौन हैं केरल CM विजयन की बेटी? मुस्लिम मंत्री मोहम्मद रियास से की शादी, चुनाव के वक्त क्यों हो रही चर्चा?
Kerala Election 2026 (Pinarayi Vijayan Daughter) : केरल की राजनीति इन दिनों सिर्फ चुनावी वादों और गठबंधनों तक सीमित नहीं है। एक निजी शादी, एक फिल्म और करोड़ों के कथित लेनदेन का मामला मिलकर ऐसा सियासी मुद्दा बन गया है, जिसने चुनावी बहस को नई दिशा दे दी है।
9 अप्रैल को 140 सीटों पर मतदान से पहले मुख्यमंत्री पिनारई विजयन की बेटी टी. वीना अचानक चर्चा के केंद्र में आ गई हैं। सवाल सिर्फ उनके निजी जीवन का नहीं, बल्कि उससे जुड़े राजनीतिक और कानूनी विवादों का भी है।

केरल चुनाव और 'द केरल स्टोरी' का सियासी असर
6 मार्च 2026 को इडुक्की में एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी से 'द केरल स्टोरी-2' को लेकर सवाल पूछा गया। इस फिल्म के जरिए राज्य की छवि खराब करने का आरोप लगाया जा रहा है। राहुल गांधी ने जवाब में कहा कि थिएटर खाली हैं और लोग इसे देख नहीं रहे हैं।
यह फिल्म पहले भी विवादों में रही है। मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने इसे बीजेपी का प्रोपेगैंडा बताया और बैन करने की बात कही थी। हालांकि हाईकोर्ट के आदेश के बाद इसे रिलीज की मंजूरी मिली, लेकिन कई सिनेमा हॉल मालिकों ने इसे दिखाने से परहेज किया।
इसी बीच धर्म परिवर्तन के मुद्दे को लेकर भी बहस तेज है। खासकर कासरगोड, कोझिकोड, त्रिशूर, मलप्पुरम, कन्नूर और पलक्कड़ जैसे जिलों में ऐसे मामलों की चर्चा होती रहती है। इन इलाकों में राज्य की लगभग 70 सीटें आती हैं, जिससे यह मुद्दा सीधे चुनावी गणित से जुड़ जाता है। बीजेपी इस बहस को मुख्यमंत्री की बेटी की शादी से जोड़कर राजनीतिक हमला कर रही है। सीएम विजयन की बेटी वीणा ने 2020 में डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीए मोहम्मद रियास से शादी की थी। ऐसे में आइए जानते हैं कौन टी. वीना और मोहम्मद रियास?
कौन हैं टी. वीणा? (Who is T. Veena)
- टी. वीणा, जिन्हें वी विजयन के नाम से भी जाना जाता है, केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन की बेटी हैं। वे पेशे से आईटी प्रोफेशनल और उद्यमी हैं। बेंगलुरु स्थित उनकी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के जरिए वे आईटी सेवाएं देती रही हैं।
- वीणा का प्रोफेशनल करियर टेक्नोलॉजी सेक्टर में रहा है और उन्होंने अपनी पहचान राजनीति से अलग बनानी की कोशिश की। हालांकि, पारिवारिक पृष्ठभूमि के कारण वे हमेशा सार्वजनिक चर्चा में बनी रहती हैं।
- उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में रही है। जून 2020 में उन्होंने CPI(M) नेता और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे पी.ए. मोहम्मद रियास से शादी की। यह उनकी दूसरी शादी है और पहली शादी से उनका एक बेटा भी है।

मोहम्मद रियास कौन हैं? (Who is P. A. Mohammed Riyas)
- मोहम्मद रियास केरल की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे वर्तमान में राज्य सरकार में पर्यटन और लोक निर्माण विभाग के मंत्री हैं। वामपंथी राजनीति से जुड़े रियास का राजनीतिक सफर छात्र संगठन एसएफआई से शुरू हुआ था।
- कोझिकोड में जन्मे रियास ने सेंट जोसेफ बॉयज स्कूल और फारूक कॉलेज से पढ़ाई की। बाद में उन्होंने लॉ की डिग्री हासिल की। छात्र राजनीति से निकलकर वे धीरे-धीरे डीवाईएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और फिर सीपीआई(एम) के राज्य नेतृत्व में जगह बनाई।
- उनकी निजी जिंदगी भी विवादों से अछूती नहीं रही। 2002 में उनकी पहली शादी डॉ. समीहा सैथलवी से हुई थी, लेकिन 2015 में तलाक हो गया। इस दौरान उन पर घरेलू हिंसा के आरोप भी लगे थे और अदालत ने सुरक्षा का आदेश दिया था। बाद में 2020 में उन्होंने वीना विजयन से शादी की।
CMRL-Exalogic मामला क्या है? (What is CMRL-Exalogic Case)
टी. वीना का नाम हाल के समय में जिस वजह से सबसे ज्यादा चर्चा में आया है, वह है CMRL-Exalogic केस। गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में जांच शुरू की है।
आरोप है कि वीना की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस ने कोचीन मिनरल्स एंड रटाइल लिमिटेड (CMRL) से करीब 2.7 से 2.78 करोड़ रुपये तक की रकम बिना सेवाएं दिए प्राप्त की। इसे 'पे-ऑफ' या संदिग्ध लेनदेन के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि वीना ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी कंपनी पूरी तरह स्वतंत्र है और सभी लेनदेन पारदर्शी तरीके से किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कंपनी 'बेनामी' नहीं है और न ही किसी तरह की अनियमितता हुई है।
चुनाव के वक्त क्यों गरमाया मामला?
चुनाव के समय यह मुद्दा इसलिए ज्यादा उभरकर सामने आया है क्योंकि विपक्ष इसे सीधे मुख्यमंत्री की छवि से जोड़ रहा है। बीजेपी और अन्य विपक्षी दल आरोप लगा रहे हैं कि सत्ता का फायदा उठाकर परिवार को लाभ पहुंचाया गया।
दूसरी ओर सत्तारूढ़ CPI(M) इन आरोपों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रही है। पार्टी का कहना है कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर चुनावी माहौल प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
इसके साथ ही 'द केरल स्टोरी' फिल्म और धर्म परिवर्तन की बहस ने इस मुद्दे को और हवा दे दी है। निजी शादी, धार्मिक पहचान और आर्थिक आरोप-इन तीनों का मेल इसे एक हाई-वोल्टेज चुनावी मुद्दा बना रहा है।
टी. वीना का मामला सिर्फ एक व्यक्ति या परिवार की कहानी नहीं रह गया है। यह अब केरल की राजनीति, चुनावी रणनीति और विचारधारा की लड़ाई का हिस्सा बन चुका है। एक तरफ विकास और शासन के मुद्दे हैं, तो दूसरी ओर पहचान, धर्म और पारिवारिक संबंधों को लेकर उठ रहे सवाल। चुनाव के नतीजे चाहे जो हों, लेकिन इतना तय है कि यह विवाद आने वाले समय में भी केरल की राजनीति में चर्चा का विषय बना रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications