Shehnaz Singh: कौन है शहनाज सिंह उर्फ शॉन भिंडर? FBI को चकमा देने वाला मोस्ट वांटेड ड्रग किंगपिन गिरफ्तार
Who is Shehnaz Singh: तरनतारन पुलिस ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर शहनाज सिंह उर्फ शॉन भिंडर को गिरफ्तार कर लिया। शहनाज सिंह अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई (FBI) को लंबे समय से वांछित था।शॉन भिंडर का नाम 26 फरवरी को अमेरिका में हुई बड़ी ड्रग बरामदगी के मामले में सामने आया था।
इस केस में पहले पांच ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनसे पूछताछ के दौरान शहनाज सिंह का नाम उजागर हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी पर बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। मामले की जांच जारी है और पंजाब पुलिस (Punjab Police) जल्द ही अन्य संबंधित लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों के घरों और वाहनों से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और हथियार बरामद किए। इस दौरान 391 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (ICE), 109 किलोग्राम कोकीन और चार आग्नेयास्त्र जब्त किए गए। पकड़े गए आरोपियों में अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत उर्फ बल, अमृतपाल सिंह उर्फ चीमा, तकदीर सिंह उर्फ रोमी, सरबसित सिंह उर्फ सबी और फर्नांडो वल्लाडारेस उर्फ फ्रेंको शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: Farmers Protest: पंजाब से चंडीगढ़ आ रहे किसानों को पुलिस ने रोका, धरने पर बैठे, कई नेता हिरासत में
पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमेरिका में बड़ी मात्रा में ड्रग्स की बरामदगी के बाद वहां की एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद शहनाज़ भारत भाग गया। अमेरिकी अधिकारियों ने इस मामले में भारतीय एजेंसियों के साथ महत्वपूर्ण जानकारी शेयर की।
इसके बाद पंजाब पुलिस ने शहनाज का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। डीजीपी यादव ने बताया कि शहनाज एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का अहम हिस्सा था, जो कोलंबिया से अमेरिका और कनाडा तक मेथामफेटामाइन (ICE) और कोकीन जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल था।
कौन है शहनाज सिंह उर्फ शॉन भिंडर?
अमेरिकी जांच एजेंसियों के अनुसार, शहनाज सिंह कोलंबिया से अमेरिका और कनाडा तक ड्रग्स तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा था। जब अमेरिका में उसके नेटवर्क पर कार्रवाई हुई, तो वह भारत भाग आया। अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को शहनाज़ सिंह से जुड़ी जानकारी साझा की थी। इसके बाद पंजाब पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैक कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्या थे आरोप?
शहनाज सिंह पर कोकीन तस्करी और हथियारों की सप्लाई का आरोप है। अमेरिका में उस पर ड्रग तस्करी की साजिश और अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज हैं। यदि अमेरिका में दोषी साबित होता है, तो उसे 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। इस गिरफ्तारी के बाद अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़े कई और खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Farmer Protest: पंजाब में किसान आंदोलन का रंग फीका क्यों पड़ा, दिल्ली में AAP की हार का असर तो नहीं?












Click it and Unblock the Notifications