कौन हैं राधाकिशन दामानी, जिन्होंने 1,001 करोड़ रुपये में खरीदा भारत का सबसे महंगा घर ?
मुंबई: भारत के बड़े सुपर मार्केट चेन डी-मार्ट के फाउंडर राधाकिशन दामानी देश का सबसे महंगा घर खरीदने वाले शख्स भी बन गए है। उन्होंने मुंबई के मालाबार हिल इलाके में जो घर खरीदा है, उसका सौदा 1,001 करोड़ रुपये रुपये में हुआ है। देश में आजतक किसी रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी की इतनी ज्यादा कीमत किसी ने नहीं चुकाई है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में उन्हें देश का आठवां सबसे अमीर व्यक्ति बताया गया है, जिनके पास एक लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा की संपत्ति है। लेकिन, अभी चर्चा उस घर के बारे में हो रही है, जिससे महंगा कोई भी घर देश में अबतक ना ही किसी ने खरीदा है और ना ही कोई बेच पाया है।

डी-मार्ट के फाउंडर हैं राधाकिशन दामानी
देश के अरबपति निवेशक और डी-मार्ट के फाउंडर राधाकिशन दामानी ने दक्षिण मुंबई के पॉश मालाबार हिल इलाके के नारायण दाभोलकर मार्ग पर 1.5 एकड़ के प्लॉट पर स्थित एक बंगले का सौदा किया है, जिसके लिए उन्होंने 1,001 करोड़ रुपये चुकाई है। इस बंगले का नाम मधुकुंज है। इस जमीन पर ग्राउंड फ्लोर के अलावा यह दो मंजिला बंगाल बना हुआ है, जिसका बिल्ट-अप एरिया 60,000 वर्ग फीट है। इस बंगले की रजिस्ट्री के लिए उन्होंने 30 करोड़ रुपये की सिर्फ स्टैंप ड्यूटी चुकाई है, जो पिछले हफ्ते हुई हुई है। वैसे इस प्रॉपर्टी की मार्केट प्राइस 724 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि दामानी परिवार यहां पर नए सिरे से अपने लिए घर बनाएगा या मौजूदा बंगले का ही पुनर्निमाण कराकर उसमें ही रहने आएगा। राधाकिशन दामानी ने इस घर को अपने भाई गोपीकिशन दामानी के साथ मिलकर खरीदा है।

पिछले दो महीने में दामानी ने तीन महंगी प्रॉपर्टी खरीदी
पिछले दो महीने में दामानी की ओर से खरीदी गई यह तीसरी महंगी प्रॉपर्टी है। पिछले गुरुवार को ही दामानी परिवार ने ठाणे में करीब 250 करोड़ में 8 एकड़ जमीन खरीदी थी। इससे पहले 19 मार्च को उनके सुपर मार्केट चेन डी-मार्ट ने मुंबई के उपनगरीय इलाके चेंबूर में वाधवा ग्रुप के अंडर-कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट में दो फ्लोर जो कि 39,000 वर्ग फीट में फैला हुआ है, 113 करोड़ रुपये से भी ज्यादा में खरीदी थी। दस्तावेजों के मुताबिक दामानी बंधु अभी मुंबई के ही अल्टामाउंट रोड पर स्थित पृथ्वी अपार्टमेंट में रहते हैं। उनका यह घर भी दक्षिण मुंबई की पॉश इलाके में है। मधुकुंज वाली प्रॉपर्टी का सौदा दामानी बंधुओं ने पुराचंद रॉयचंद एंड संस एलएलपी, परेशचंद रॉयचंद एंड संस एलएलपी और प्रेमचंद रॉयचंद एंड संस एलएलपी से किया है। इस प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री बीते 31 मार्च को ही हुई है।

90 साल पुराना है दामानी का नया मधुकुंज बंगला
मधुकुंज बंगला जो अब दामानी का हो चुका है, वह करीब 90 साल पुराना है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह एक भव्य इमारत है, जिसपर खुली हुई छत है और बहुत बड़ा कंपाउंड है। नारायण दाभोलकर रोड मुंबई का बहुत ही महंगा आवासीय इलाका है, जहां मौजूद अपार्टमेंट की कीमत 70,000 से 80,000 प्रति वर्ग फीट या उससे भी ज्यादा है। इसके पड़ोस में शिवगिरी, रामटेक और मेघदूत जैसे कई वीवीआईपी बंगले मौजूद हैं। प्रॉपर्टी मार्केट सूत्रों के मुताबिक, 'उनके पास (दामानी ) भारत का बहुत ही बेहतरीन निवेश करने वाला दिमाग है और वह रियल एस्टेट में बहुत ज्यादा निवेश कर रहे हैं।'

दो दशक से भी कम समय में चमके दामानी
जहां तक निजी व्यक्तित्व का सवाल है तो भारत का सबसे महंगा घर खरीदने वाले राधाकिशन दामानी बहुत ही सादगी पसंद व्यक्ति हैं और उन्हें कभी भी चमक-दमक के चक्कर में रहते हुए नहीं देखा गया है। अबतक उन्हें रिटेल का बादशाह और शेयर बाजार का निवेशक ही समझा जाता था, लेकिन अब उनका नाम देश में सबसे महंगी प्रॉपर्टी खरीदने वालों में भी जुड़ गया है। उन्होंने साल 2002 में खुदरा व्यवसाय से अपना सिक्का जमाना शुरू किया था और आज उनके पास तमाम कमाऊ कंपनियों के शेयरों में मोटा निवेश है। महंगे रियल एस्टेट में उनके नाम मायानगरी के अलीबाग स्थित ब्लू रेजॉर्ट भी है, जिसमें 156 कमरे हैं। बड़े फैसले और कारोबारी जोखिम लेने की उनकी क्षमता ने ही दो दशक से भी कम वक्त में उन्हें खुदरा व्यावसायी से देश के सबसे बड़े सुपर मार्केट चेन में से एक का मालिक बना दिया है।

1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के मालिक
उनकी कंपनी का नाम एवेन्यू सुपरमार्केट्स लिमिटेड है, जो भारत में डीमार्ट स्टोर्स का चेन चलाता है। उनकी कंपनी की शेयर बाजार में लिस्टिंग ठीक चार साल पहले यानी 21 मार्च, 2017 को हुई थी और आज उनके पास देश के कई धनाढ्य घरानों से भी ज्यादा की संपत्ति हो चुकी है। 2018 में इनकी कंपनी 93,363 करोड़ रुपये की मालिक थी। लेकिन, 2021 के हुरुन इंडिया रिच लिस्ट के मुताबिक वह देश के आठवें अमीर व्यक्ति हैं, जिनके पास 1450 करोड़ डॉलर यानी 1 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा की संपत्ति है।(तस्वीरें सौजन्य-इंटरनेट)












Click it and Unblock the Notifications