कौन है मोईद खान, जो अयोध्या रेपकांड का है आरोपी, सपा सांसद अवधेश प्रसाद से कनेक्शन पर मचा बवाल
Moeed Khan Ayodhya case: अयोध्या में 12 साल की लड़की के साथ हुए गैंगरेप का मामला विवादों में है। अयोध्या रेप कांड के आरोप समाजवादी पार्टी (सपा) के 62 वर्षीय सदस्य मोईद खान और उसके 22 वर्षीय कर्मचारी राजू खान पर है। इन दोनों आरोपियों को 30 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। ये गैंगरेप का मामला 2 महीने पुराना है। मामले का हाल ही में खुलासा तब हुआ, जब मेडिकल जांच में पता चला कि बच्ची गर्भवती है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने नाबालिग बलात्कार पीड़िता की मां से मुलाकात करने और उसे न्याय का आश्वासन दिया है। वहीं अयोध्या जिला प्रशासन ने इस मामले में एक्शन लेते हुए आरोपी मोईद खान की बेकरी को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। मोईद खान की अब संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। आरोपी मोईद खान सपा के फैजाबाद (अयोध्या) सांसद अवधेश प्रसाद का करीबी है। इसी बात पर सियासत भी तेज हो गई है।

Who is Moeed Khan: कौन है मोईद खान
- 12 वर्षीय लड़की के गैंगरेप का आरोपी मोईद खान समाजवादी पार्टी का नेता बताया जा रहा है। मोईद खान समाजवादी पार्टी के भदरसा नगर का अध्यक्ष है। रिपोर्ट के मुताबिक सपा में ये पदाधिकारी भी है।
- मोईद खान, फैजाबाद (अयोध्या) सांसद अवधेश प्रसाद का करीबी है। कई मौकों पर मोईद खान को अवधेश प्रसाद के साथ देखा गया है।
- इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मोईद खान और सपा सांसद अवधेश प्रसाद की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। लोकसभा चुनाव में भी सपा सांसद के साथ कई जगह दिखाई दिया।
- हालांकि अभी तक सपा की ओर से मोईद खान को पार्टी से निकाले की खबर सामने नहीं आई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी खुलकर मोईद खान को लेकर कुछ नहीं कहा है। हालांकि उन्होंने DNA टेस्ट की मांग की है। सासंद अवधेश प्रसाद ने कहा है कि इसपर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- Ayodhya Bhadarsa scandal: अब भी है आरोपी मोईद खान पर यकीन, अखिलेश यादव ने अदालत से की संज्ञान लेने की मांग
मोईद खान की पहचान को लेकर CM योगी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 अगस्त 2024 उत्तर प्रदेश विधानसभा में इस घटना का जिक्र किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था,
''ये मामला अयोध्या का है। इसका आरोपी मोईद खान समाजवादी पार्टी का नेता है। वह अयोध्या के सांसद (अवधेश प्रसाद) की टीम का सदस्य है। ये 12 वर्षीय एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के कृत्य में शामिल पाया गया है। इसका सपा सांसद के साथ उठना-बैठना है और घूमना है। यह एक अति पिछड़ी जाति की बच्ची से जुड़ा हुआ मामला है। वो ऐसी घटिया हरकत में संलिप्त हैं, इसके बावजूद भी समाजवादी पार्टी द्वारा इसे हल्केपन लिया जा रहा है। अभी तक समाजवादी पार्टी ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की है।''

ये भी पढ़ें- Video: अयोध्या रेप पीड़िता से मिल फफक कर रो पड़े संजय निषाद, कहा- मोईद खान को बचा रहे हैं अखिलेश
मोईद खान की संपत्ति पर भी हो रहा है विवाद
अयोध्या के सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट अशोक सैनी ने कहा है कि, आरोपी (मोईद खान) की बेकरी के अलावा अन्य संपत्तियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि मोईद खान की बेकरी पर बुलडोजर एक्शन इसलिए लिया गया क्योंकि तालाब पर अवैध रूप से बनाई गई थी।
अब मोईद खान की संपत्तियों के जांच के आदेश दिए गए हैं। राजस्व विभाग ने उसकी जमीन की जांच शुरू कर दी है। मोईद की भदरसा में कई संपत्ति है। मेन रोड पर उसकी बेकरी शॉप है। मोईद के एक मकान में बैंक भी चल रहा है। इसके अलावा कई दुकानें भी हैं, जो किराए पर दे रखी हैं।
मोईद खान पर आरोप है कि उसने तालाब और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किया हुआ है। इतना ही नहीं, उसपर कई दलित परिवार की जमीनों को कब्जाने का भी आरोप है। मोईद खान के साथ-साथ थाना प्रभारी रतनलाल शर्मा की संपत्ति एवं गतिविधियों की भी जांच की मांग उठी है।
असल में अयोध्या के पूराकलंदर थानाध्यक्ष रतनलाल शर्मा और भदरसा चौकी इंचार्ज अखिलेश गुप्ता को इस मामले में मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। मोईद खान को पुराकलंदर थाने के प्रभारी रतनलाल शर्मा द्वारा संरक्षण देने की भी बात सामने आई है। पुलिस चौकी पर तैनात एक सब-इंस्पेक्टर को भी निलंबित कर दिया गया है।

कैसे हुआ अयोध्या रेपकांड का खुलासा?
एफआईआर (FIR) के मुताबिक, मोईद खान और उसके घर के नौकर राजू खान पर अयोध्या के पुरा कलंदर इलाके में खान के घर पर दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करने वाली 12 वर्षीय लड़की के साथ गैंगरेप और ब्लैकमेल करने का आरोप है।
मोईद खान और नौकर राजू ने गैंगरेप के वीडियो को रिकॉर्ड भी किया और लड़की को धमकाने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल किया। दो महीने से अधिक समय तक मोईद खान ने बच्ची का शोषण किया और वीडियो का वायरल करने की धमकी देकर, उसे डराता-धमकाता रहा। पूरा मामले का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग गर्भवती हो गई। मेडिकल जांच में ये बात सामने आई है। फिलहाल बच्ची अयोध्या अस्पताल में भर्ती है।
कौन है अयोध्या रेप कांड की पीड़ित बच्ची?
12 साल की बच्ची चार बहनों में सबसे छोटी है। बच्ची के पिता की मौत 2 साल पहले ही हो चुकी है। बच्ची की मां का आरोप है कि 2 महीने जब उसकी बेटी खेत से काम कर लौट रही थी तो पापड़, बिस्किट का लालच देकर राजू उसे बेकरी में ले गया। जहां नशीली दवा खिलाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। इस कृत्य का अश्लील वीडियो बनाया गया और वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया। ये शोषण दो महीने तक चला।
बच्ची की मां ने कहा कि पुलिस चौकी में उसके मामले पर किसी सुनवाई नहीं की थी। उसे केस वापस लेने की धमकी दी जा रही थी। बच्ची की मां ने कहा कि पुलिस चौकी पर जब वह जाती थी तो वहां मोईद खान आकर बैठ जाता था। जब मामला थाने लेकर गई तो एसओ (थाना प्रभारी) ने कहा कि आप एक नाम हटाने की धमकी दी गई। जब मीडिया में एप्लीकेशन घूमने लगी तो मामले पर संज्ञान लिया गया।
बच्ची की मां का आरोप है कि, सपा नेता ने बेटी के साथ दरिंदगी करने के बाद गर्भपात कराने की धमकी दी थी। बच्ची की मां ने उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की, जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई। बच्ची की मां ने अब आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications