कौन हैं कार्तिकेय शर्मा, जिन्होंने राज्यसभा चुनाव में अजय माकन को हराया, करोड़ों की संपत्ति के हैं मालिक
कौन हैं कार्तिकेय शर्मा, जिन्होंने राज्यसभा चुनाव में अजय माकन को हराया, करोड़ों की संपत्ति के हैं मालिक
नई दिल्ली, 11 जून: हरियाणा से नव-निर्वाचित राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अजय माकन को हरा कर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ गए हैं। कार्तिकेय शर्मा ने हरियाणा से राज्यसभा के लिए निर्वाचित होकर राजनीति में अपना कदम रखा है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि कार्तिकेय शर्मा कांग्रेस पार्टी के मजबूत संबंधों वाले परिवार से हैं। अजय माकन इनके रिश्तेदार लगते हैं। 41 वर्षीय कार्तिकेय शर्मा मीडिया दिग्गज और बिजनेसमैन हैं। कांग्रेस से निष्कासित नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के कार्तिकेय शर्मा बेटे हैं। जेसिका लाल हत्याकांड में दोषी ठहराए गए मनु शर्मा कार्तिकेय शर्मा के भाई हैं। आइए जानें कार्तिकेय शर्मा के बारे में सबकुछ?
Recommended Video

कौन हैं कार्तिकेय शर्मा?
कार्तिकेय शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व कांग्रेस नेता विनोद शर्मा के छोटे बेटे हैं। कांग्रेस के भूपिंदर सिंह हुड्डा की हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में विनोद शर्मा काम कर चुके हैं। कार्तिकेय शर्मा पेश से एक बिजनेस मैन हैं, जिन्होंने आईटीवी नेटवर्क की स्थापना की है। मीडिया संस्थान के अलावा कार्तिकेय शर्मा का शुगर मिल और फाइव स्टार होटल का भी बिजनेस है।

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़े हुए हैं कार्तिकेय शर्मा
कार्तिकेय शर्मा बीएससी(ऑनर्स) ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से बिजनेस मैनेजमेंट में की है। वहीं किंग्स कॉलेज, लंदन से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स किया है। कार्तिकेय की शादी हरियाणा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा की बेटी ऐश्वर्या शर्मा से हुई है।

कई चैनल और अखबारों के मालिक हैं कार्तिकेय शर्मा
कार्तिकेय शर्मा ने साल 2007 में आईटीवी नेटवर्क की स्थापना की थी। उनका समाचार नेटवर्क भारत के प्रमुख समाचार नेटवर्कों में से एक है, जो विभिन्न अंग्रेजी और हिंदी समाचार चैनलों और स्थानीय दैनिक समाचार पत्रों का संचालन करता है। हिंदी भाषी क्षेत्रों में आईटीवी नेटवर्क के राष्ट्रीय चैनल न्यूजएक्स और इंडिया न्यूज हरियाणा, इंडिया न्यूज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़, इंडिया न्यूज पंजाब और इंडिया न्यूज उत्तर प्रदेश और इंडिया न्यूज उत्तराखंड जैसे क्षेत्रीय चैनल हैं।

हजारों स्टाफ कार्तिकेय शर्मा की कंपनी में करते हैं काम
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक कुल मिलाकर कार्तिकेय शर्मा के आईटीवी नेटवर्क के तहत तीन राष्ट्रीय समाचार चैनल, दो समाचार पत्र, पांच क्षेत्रीय समाचार चैनल और दो ऑनलाइन पोर्टल हैं। इनकी सभी कंपनियों के तहत 3,000 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं।

390 करोड़ की है कार्तिकेय शर्मा की प्रोपर्टी
कार्तिकेय की गुड़गांव, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब के कई फाइव स्टार होटलों में भी हिस्सेदारी है। चुनावी हलफनामे के अनुसार, कार्तिकेय के पास 390.63 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें पिकाडिली होटल्स प्राइवेट लिमिटेड में 14.60 करोड़ रुपये, सून-एन-श्योर होल्डिंग्स लिमिटेड में 35.04 लाख रुपये और मार्क बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड में 367.65 करोड़ रुपये शामिल हैं।

दिल्ली में है 2.52 एकड़ जमीन
कार्तिकेय के पास इसके अलावा गुड मॉर्निंग इंडिया मीडिया प्राइवेट लिमिटेड, इंडी मीडिया कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, डायरेक्ट टीवी प्राइवेट लिमिटेड, इंफॉर्मेशन टीवी प्राइवेट लिमिटेड और कुछ अन्य फर्मों के शेयर भी हैं। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के समालखा में उनके पास 2.52 एकड़ कृषि भूमि भी है।

इन मुकदमों में भी फंस चुके हैं कार्तिकेय शर्मा
हलफनामे के मुताबिक कार्तिकेय को 23 मई 2018 को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट, बोरीवली, मुंबई की अदालत द्वारा तीन चेक बाउंस मामलों में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 और 141 के तहत दोषी ठहराया गया था।
कार्तिकेय के हलफनामे में उल्लेख किया गया है कि दो केसों में उन्हें छह महीने की सजा सुनाई गई थी और 7.25 लाख रुपये के जुर्माना भी लगा था।
वहीं एक मामले में कार्तिकेय को छह महीने के साधारण कारावास और 14 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। तीनों मामलों के खिलाफ अपील सत्र अदालत गोरेगांव मुंबई में लंबित है।












Click it and Unblock the Notifications