कौन हैं अर्चना मकवाना? स्वर्ण मंदिर में योग कर किया सिख समुदाय को आहत, जान से मारने की भी मिली धमकी!
Archana Makwana: 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस था। भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया में लोगों ने योग अभ्यास कर के इस दिन को सेलिब्रेट किया। लेकिन इसी बीच योग करने यूनिक जगह पर योग करने की चाह ने अर्चना मकवाना को मुसीबतों में डाल दिया।
पंजाब पुलिस ने शनिवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) की शिकायत के बाद धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में अर्चना मकवाना के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मकवाना ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वर्ण मंदिर के परिसर में ध्यान और शीर्षासन (योग मुद्रा) किया और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की।

स्वर्ण मंदिर परिसर में योग करते हुए तस्वीर शेयर करने के बाद गुरुद्वारा प्रबंधन ने उनके ऊपर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करा दिया। हालांकि, विवाद बढ़ने पर मकवाना ने अपने प्रोफाइल से तस्वीरों को हटा दिया।
कौन हैं अर्चना मकवाना?
इंस्टाग्राम के प्रभावशाली और उद्यमी (इंटरप्रेन्योर) अर्चना मकवाना वडोदरा में 'हाउस ऑफ अर्चना' नाम से एक फैशन डिजाइन ब्रांड चलाती हैं। वो 'हीलिंग तत्व' ब्रांड से भी जुड़ी हुई हैं और एक ब्लॉगर के रूप में अपने यात्रा अनुभवों का साझा करती हैं।
इंस्टाग्राम पर लगभग 140k फॉलोअर्स के साथ, वह खुद को एक फैशन डिजाइनर, इंटरप्रेन्योर, प्रभावशाली व्यक्ति और यात्रा और फैशन ब्लॉगर बताती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, योग और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए अर्चना के समर्पण को तब स्वीकार किया गया जब उन्हें इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पुरस्कार मिला।
अर्चना मकवाना को मिली मौत की धमकी
पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में योग आसन करने के लिए ऑनलाइन जान से मारने की धमकी मिलने के बाद रविवार को उन्हें पुलिस सुरक्षा में रखा गया था। गुजरात पुलिस ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की और उनकी जान को खतरे के कारण अगले कुछ दिनों तक घर पर ही रहने की सलाह दी।
'मैंने कभी नहीं सोचा था कि इससे किसी को ठेस पहुंचेगी'
स्वर्ण मंदिर में अर्चना के योग करने की तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं, जिसके बाद एसजीपीसी ने इस घटना की आलोचना करते हुए कहा कि इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। जिसके बाद मकवाना ने तस्वीरें हटा दीं और शनिवार को अपनी एक वीडियो पोस्ट करते हुए उसमें माफी मांगी।
मकवाना ने कहा, "दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही थी, इसलिए मैंने सोचा कि ऐसे पवित्र स्थल पर शीर्षासन करने से एकता और फिटनेस का संदेश जाएगा। मैंने कभी नहीं सोचा था कि इससे किसी को ठेस पहुंचेगी।"












Click it and Unblock the Notifications