CJP प्रोटेस्ट में महिला को थप्पड़ जड़ने वाले ADCP संदीप लांबा कौन? अब लिया गया एक्शन, जंतर-मंतर से हटाया

CJP Protest ADCP Sandeep Lamba: दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के 'चलो संसद' प्रदर्शन के दौरान सामने आए एक वीडियो ने पुलिस की कार्रवाई पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कथित तौर पर महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारते दिखाई दिए। अब सरकार ने पुलिस अफसर पर एक्शन लिया है।

वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ा और अब सरकार ने कार्रवाई करते हुए एडिशनल डीसीपी (ADCP) संदीप लांबा को प्रदर्शन स्थल की ड्यूटी से हटाकर वापस उनके मूल जिले में भेज दिया है। इसी मामले की गूंज अब दिल्ली हाई कोर्ट तक पहुंच गई है। ऐसे में आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है और कौन हैं ADCP संदीप लांबा।

CJP Protest ADCP Sandeep Lamba

महिला को थप्पड़ मारने वाले वीडियो पर हुआ एक्शन

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अधिकारी संदीप लांबा एक महिला प्रदर्शनकारी के करीब जाते और उसे थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई की जमकर आलोचना हुई। इसके अगले ही दिन पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की कि संदीप लांबा को जंतर-मंतर पर तैनाती से हटा दिया गया है और उन्हें वापस उनके नॉर्थ-ईस्ट जिले में भेज दिया गया है।

दिल्ली हाईकोर्ट में भी उठा मामला

बुधवार (22 जुलाई) को दिल्ली हाईकोर्ट में भी यह मुद्दा उठा। प्रदर्शनकारियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने अदालत में वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकारी ने बिना किसी उकसावे के किनारे खड़ी महिला को थप्पड़ मारा।

उन्होंने अदालत में कहा,

"वीडियो में साफ दिखाई देता है कि एक शांत खड़ी महिला के साथ ऐसा व्यवहार किया गया। वर्दी पहनने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होना भी उतना ही जरूरी है, जितनी कानून व्यवस्था बनाए रखना।"

मुख्य न्यायाधीश डी. के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। अदालत ने सीसीटीवी फुटेज और दूसरी वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने का भी निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 11 सितंबर को होगी।

याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एन. हरिहरन, विकास सिंह और गोपाल शंकरनारायणन ने दलील दी कि प्रदर्शन के दौरान जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया गया। उनका कहना था कि महिलाओं और बच्चों तक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई। उन्होंने पूरे मामले की न्यायिक जांच और स्वतंत्र विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने की मांग भी रखी।

कौन हैं संदीप लांबा? (Who Is ADCP Sandeep Lamba)

संदीप लांबा 2011 बैच के DANIPS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार आइलैंड्स पुलिस सर्विस) ऑफिसर हैं, जो दिल्ली पुलिस में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट) के तौर पर काम कर रहे हैं। 20 जुलाई को CJP के संसद मार्च के दौरान उन्हें कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी ड्यूटी के दौरान उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद वे विवादों में आ गए।

20 जुलाई को CJP के संसद चलो मार्च के दौरान क्या-क्या हुआ?

सोमवार 20 जुलाई को CJP ने जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च निकाला था। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग की और भीड़ को रोकने के लिए लाठीचार्ज तथा आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसी दौरान संदीप लांबा का कथित थप्पड़ वाला वीडियो सामने आया, जिसने पूरे घटनाक्रम को नई बहस में बदल दिया।

इस पूरे घटनाक्रम का दूसरा पक्ष भी सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने टॉलस्टॉय मार्ग चौराहे पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के दो जवानों पर हमले के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

करीब 35 सेकंड के वायरल वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पार कर रहे RAF जवानों पर हमला करते दिखाई देते हैं। वीडियो में एक जवान गिर जाता है और उसके साथ मारपीट होती है। बाद में दूसरे सुरक्षाकर्मी उसे बचाकर बाहर निकालते हैं। पुलिस ने बताया कि घायल जवानों का इलाज चल रहा है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+