कौन है बिहार का अश्विनी कुमार? जिसने कहा- 'मुंबई में लगा दिए 34 बम', गिरफ्तारी के बाद हुए चौंकाने वाले खुलासे
Mumbai terror threat (Ashwini Kumar): मुंबई पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। शहर को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी देने वाला शख्स कोई आतंकवादी नहीं, बल्कि एक ज्योतिषी निकला! 51 वर्षीय अश्विनी कुमार नाम का यह शख्स उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक उसने अपने दोस्त से पुरानी दुश्मनी निकालने के लिए ये धमकी भरा मैसेज भेजा था।
कौन है अश्विनी कुमार?
अश्विनी कुमार मूल रूप से पटना (बिहार) के पाटलिपुत्र का रहने वाला है और पिछले पांच सालों से नोएडा के सेक्टर-79 में अपने माता-पिता के साथ रह रहा था। वह पेशे से ज्योतिषी और वास्तु कंसल्टेंट है। पिता सुरेश कुमार शिक्षा विभाग से रिटायर्ड अधिकारी हैं। मां प्रभावती गृहणी हैं अश्विनी पोस्टग्रेजुएट है, लेकिन निजी जिंदगी में उसकी काफी परेशानियां रही हैं। पत्नी अर्चना से अलगाव हो चुका है और पैसों को लेकर विवाद भी चलता रहा है।

मुंबई धमकी वाला मैसेज कैसे भेजा गया?
मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर पर धमकी भरा संदेश आया, जिसमें कहा गया था, मुंबई में 34 "ह्यूमन बम" लगाए गए हैं। 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं। धमाकों में 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल होगा। हिंदुओं को निशाना बनाकर मुंबई को दहला दिया जाएगा।
यह संदेश 'लश्कर-ए-जिहादी' नाम के संगठन के नाम से भेजा गया। धमकी ऐसे समय पर आई जब मुंबई में गणेश विसर्जन की तैयारियां चल रही थीं। पुलिस ने तुरंत पूरे शहर को हाई अलर्ट पर डाल दिया था।
अश्विनी कुमार ने क्यों दी मुंबई को दहलाने की धमकी!
पुलिस जांच में सामने आया कि अश्विनी कुमार का बिहार निवासी उसके पुराने दोस्त फिरोज से दुश्मनी थी। 2023 में फिरोज ने पटना के फुलवारी शरीफ थाने में अश्विनी के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जिसकी वजह से अश्विनी को 3 महीने जेल में रहना पड़ा था। इसी दुश्मनी की वजह से उसने मुंबई पुलिस को धमकी वाला मैसेज भेजा और मैसेज में फिरोज का नाम डालकर उसे फंसाने की कोशिश की।
अश्विनी के पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है, जिसमें 7 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, 6 मेमोरी कार्ड होल्डर
एक एक्सटर्नल सिम स्लॉट , 2 डिजिटल कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण है।
अश्विनी के खिलाफ क्राइम नंबर 381/25 दर्ज हुआ है और भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1)(a)(b), 351(2), 351(3), और 351(4) के तहत मामला चल रहा है।
कुल मिलाकर, मुंबई धमाका धमकी का ये मामला किसी आतंकवादी साजिश से नहीं, बल्कि दो दोस्तों की दुश्मनी और एक ज्योतिषी की खतरनाक हरकत से जुड़ा निकला।












Click it and Unblock the Notifications