कभी पिता पर लगाया शोषण का आरोप, कभी कहा फौजी की बेटी हूं, सोशल मीडिया पर उठे स्वाति मालीवाल पर सवाल
Swati Maliwal Row: आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल इन दिनों सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चाओं में हैं। स्वाति मालीवाल ने जब से दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के पूर्व पीएस बिभव कुमार के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाया है, तब से स्वाति को लेकर सोशल मीडिया दो गुटों में बंटा हुआ है।
सोशल मीडिया पर एक तबका स्वाति मालीवाल के साथ 13 मई 2024 को सीएम आवास में जो हुआ, उसके लिए सपोर्ट कर रही है। तो वहीं एक तबका स्वाति मालीवाल के पिछले बयानों और विवाद के आधार पर उनपर सवाल खड़े कर रहा है। सोशल मीडिया पर स्वाति मालीवाल को लेकर उनके पुराने ट्वीट वायरल किए जा रहे हैं।

स्वाति मालीवाल के पिता पर लगाए शोषण के आरोपों वाले बयान और उनके पिता को लेकर किए गए कुछ पुराने ट्वीट यूजर द्वारा शेयर किए जा रहे हैं। इन्हें शेयर कर कहा जा रहा है कि, स्वाति मालीवाल कभी अपने पिता पर शोषण का आरोप लगाती हैं, तो कभी गर्व से कहती हैं कि वह फौजी की बेटी हैं। आइए जानें वो मसला क्या था, स्वाति ने पिता पर क्या आरोप लगाए थे और 'फौजी की बेटी' वाला ट्वीट क्या था।
पहले जानते हैं स्वाति ने पिता पर शोषण का आरोप लगाते हुए क्या कहा था?
मार्च 2023 में जब स्वाति मालीवाल, दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख थी, तो उन्होंने कहा था कि, जब वह बच्ची थीं तो उनके पिता ने उनका यौन शोषण किया था।
दिल्ली में एक कार्यक्रम में अपने दिल की बात बताते हुए स्वाति मालीवाल ने कहा था कि, ''बचपन में उनके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था और वह पूरी रात बिस्तर के नीचे छुपी रहती थीं क्योंकि उनके पिता उन्हें पीटते थे।''
स्वाति मालीवाल ने कहा था, ''मेरे पिता मेरी चोटी पकड़ते थे और मेरे सिर को दीवार पर जोर से मारते थे। खून बहता रहता था।''
जब स्वाति मालीवाल ने कहा था- मैं फौजी की बेटी हूं
स्वाति मालीवाल का 2016 का एक ट्वीट वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह फौजी की बेटी हैं। स्वाति मालीवाल ने अपने पोस्ट में कहा था कि, ''मैं फौजी की बेटी हूं... फौज में पली बढ़ी हूं, देश के लिए काम करना, देश के लिए जान देना सीखा है। मुझे दुनिया की कोई ताकत डरा नहीं सकती है।''
पिता पर शोषण के आरोप लगाए जाने के बाद स्वाति मालीवाल के इस ट्वीट की साल 2023 में भी खूब चर्चा हुई थी। कांग्रेस की पूर्व नेता राधिका खेड़ा ने उस वक्त अपने ट्वीट में स्वाति मालीवाल की आलोचना की थी।
राधिका खेड़ा ने कहा था, ''डर तो अब दिल्ली की जनता रही है कि किन पाखंडियों पर विश्वास कर के उन्हें दिल्ली सौंपी! सत्ता का नशा इतना है, छपास की बीमारी इतनी है कि कुछ का कुछ बोल दें। हरियाणा में चुनाव आने को है क्या इसीलिए स्वाति व उनके पति ने अपने फौजी पिता पर अब आरोप लगाए? एक एक कर AAP बेनकाब!''
सोशल मीडिया यूजर्स अब इन ट्वीट को शेयर कर स्वाति मालीवाल के अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार पर लगाए आरोपों पर सवाल उठा रहे हैं। खैर, इस पूरे मामले पर जांच चल रही है। जांच के बाद ही सारी सच्चाई सामने आएगी।












Click it and Unblock the Notifications