जब ओबामा ने पीएम मोदी से पूछा नौ दिनों तक उपवास के बाद भी इतनी एनर्जी कैसे मिलती है
वर्ष 2014 में जब पहली बार अमेरिकी दौरे पर गए थे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो नौ दिनों के उपवास के बाद भी उनकी ऊर्जा देखकर काफी हैरान हुए थे पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा। पूछा था एनर्जी का सीक्रेट।
नई दिल्ली। इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ दिनों के उपवास पर हैं और वजह है नवरात्रि का पावन मौका। इन नौ दिनों के उपवास के बाद भी वह अपने सभी आधिकारिक काम पूरे कर रहे हैं। उन्होंने इस दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रज्जाक से मुलाकात की और अब वह हैकाथॉन जैसे कार्यक्रम में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

हैरान थे ओबामा
पीएम नौ दिनों तक उपवास करते हैं, इसकी जानकारी देशवासियों को उस समय हुई थी जब वह सितंबर 2014 में पहली बार आधिकारिक दौरे पर अमेरिका गए थे। उस समय पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भी उनकी एनर्जी से काफी प्रभावित हुए थे। बताते हैं कि जब ओबामा ने मोदी के सम्मान में प्राइवेट डिनर का आयोजन किया था लेकिन उन्होंने सिर्फ गर्म पानी ही पीया था। पीएम मोदी के लिए व्हाइट हाउस के ब्लू रूम में डिनर का आयोजन था जहां पर व्हाइट हाउस के कई सीनियर ऑफिसर भी मौजूद थे।

डिनर पर किया गया मजाक
इस डिनर के बाद साउथ एवं सेंट्रल एशिया की अमेरिकी विदेश सचिव निशा देसाई ने जानकारी दी थी कि व्हाइट हाउस में जब डिनर चल रहा था तो उस समय मजाक भी किया गया कि सब खा रहे हैं और पीएम मोदी उपवास पर हैं। उसी समय ओबामा ने मोदी की तारीफ की कि कैसे वह सिर्फ गर्म पानी के शेड्यूल को अपनाने के बाद भी इतने एनर्जेटिक हैं।

पीएम मोदी से पूछा सीक्रेट
बराक ओबामा काफी हैरान थे ओर उन्होंने पीएम से इसका सीक्रेट पूछ ही लिया। जब उन्होंने पीएम से इसका राज पूछा था तो उन्होंने इसके श्रेय योग और ध्यान को दिया था।पीएम मोदी अगले नौ दिनों तक सिर्फ पानी और फल ही डाइट के तौर पर लेते हैं। नौ दिनों तक वह पूरी तरह से अनाज और दालों के सेवन से दूर रहेंगे। पीएम मोदी नौ दिनों का उपवास रखते हैं इसके बारे में उन्होंने पहली बार वर्ष 2012 में जानकारी दी थी।

35 वर्षों से रख रहे हैं उपवास
उस समय वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे और उन्होंने अपने ब्लॉग 'साक्षीभाव' में बताया था कि वह पिछले 35 वर्षों से यह व्रत रखते आ रहे हैं। लिखा था कि हर वर्ष आत्म-शुद्धिकरण के लिए यह व्रत रखते हैं। उन्होंने ब्लॉग में लिखा था कि इस व्रत से उन्हें शक्ति मिलती है और साथ ही वह हर रात को मां दुर्गा से संवाद करने में समर्थ हो पाते हैं।

चलते रहते हैं जरूरी काम
पीएम मोदी नौ दिनों तक व्रत के बावजूद अपने जरूरी कामों को नहीं टालते हैं। पीएम के दिन की शुरुआत तड़के योग, ध्यान और पूजा के साथ होती है। इससे ही उन्हें पूरे दिन काम करने की एनर्जी मिलती है।












Click it and Unblock the Notifications