'विस्फोट हो जाएगा अगर...', दिल्ली के 40 से ज्यादा स्कूलों को भेजे गए बम की धमकी वाले email में क्या लिखा है?
Delhi Bomb Threat: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली के 40 से ज्यादा स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले। हालांकि पहले खबर आई थी कि सिर्फ दो स्कूल आरके पुरम के डीपीएस स्कूल और पश्चिम विहार के जीडी गोयनका स्कूल में में धमकी वाले फोन आए थे। लेकिन उसके बाद खबर आई की 40 से ज्यादा स्कूलों में उनको धनकी भरे ई-मेल मिले हैं।
आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल और पश्चिम विहार स्थित जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल ने सबसे पहले ई-मेल की सूचना दी थी। अब ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि आखिर इस ई-मेल में क्या लिखा था? आइए जानें ई-मेल में क्या लिखा था?

'बम बहुत छोटे हैं, बहुत अच्छी तरह छिपाया गया है'
रिपोर्ट के मुताबिक स्कूलों को मिले मेल में लिखा था कि बम छोटे हैं और उन्हें 'बहुत अच्छी तरह छिपाया गया है'। साथ ही कहा गया था कि वे 'इमारत को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचाएंगे'।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के बयान के हवाले से कहा, ''मैंने (स्कूल) इमारतों के अंदर कई बम लगाए हैं। बम छोटे हैं और उन्हें बहुत अच्छी तरह छिपाया गया है। इससे इमारत को ज्यादा नुकसान नहीं होगा, लेकिन बमों के फटने से कई लोग घायल हो जाएंगे। अगर मुझे 30,000 डॉलर नहीं मिले तो मैं बमों को उड़ा दूंगा और विस्फोट हा जाएगा।''
यह ईमेल कथित तौर पर 8 दिसंबर को रात करीब 11:38 बजे आया था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि दिल्ली पब्लिक स्कूल आरके पुरम और जीडी गोयनका के अलावा जिन अन्य स्कूलों को बम की धमकी मिली है, उनमें मदर मैरी स्कूल, ब्रिटिश स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल और कैम्ब्रिज स्कूल शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया कि बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद एहतियात के तौर पर बच्चों को घर भेज दिया गया है।
स्कूल ने अभिभावकों को भेजे संदेश में क्या कहा?
मदर मैरी स्कूल ने अभिभावकों को भेजे संदेश में कहा, "प्रिय अभिभावक, आज सुबह स्कूल में बम की धमकी के बारे में एक ईमेल प्राप्त हुआ है। इसलिए एहतियात के तौर पर छात्रों को तुरंत तितर-बितर किया जा रहा है। आपसे अनुरोध है कि कृपया अपने बच्चों को अपने-अपने बस स्टॉप से ले जाएं। नीचे लिखा है कि अभिभावकों से अनुरोध है कि कृपया अपने बच्चों को तुरंत आकर ले जाएं। बस रूट इंचार्ज आपको बसों की आवाजाही के बारे में समय-समय पर जानकारी देते रहेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications