क्या है उन 5,000 बैग का 'राज', जो दिवाली पर राहुल गांधी ने अमेठी में बंटवाए
Lok Sabha Elections: देश के पांच राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनावी सरगर्मियों के बीच, 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी बिसात बिछनी शुरू हो गई हैं। और, इसकी झलकी मिली है उत्तर प्रदेश के अमेठी से।
अमेठी में दिवाली पर कुछ ऐसा हुआ कि सियासत के जानकारों के कान अचानक खड़े हो गए और 'चकल्लस' होने लगी कि क्या एक बार फिर राहुल गांधी और इस सीट से मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी आमने-सामने होंगे?

अब आपको बताते हैं कि आखिर ये चर्चा छिड़ी क्यों? दरअसल, अमेठी से भाजपा की सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने दिवाली पर अपने चुनावी क्षेत्र में समर्थकों के बीच मिठाई और गिफ्ट बंटवाए। आप कहेंगे कि इसमें क्या अनोखी बात है, हर नेता दिवाली पर ऐसा करता है। तो, अनोखी बात वो है, जो इसके साथ हुई। अमेठी में स्मृति ईरानी के अलावा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी अपने सर्मथकों के बीच खास तरह के बैग बंटवाए हैं। इन बैग्स की संख्या भी कोई 10-20 नहीं, बल्कि पूरे 5000 थी और इनमें राहुल गांधी के समर्थकों के लिए खास तरह के गिफ्ट थे।
बैग के अंदर क्या-क्या था?
राहुल गांधी ने अपने समर्थकों के बीच जो बैग बंटवाए, उनमें हर बैग के ऊपर राहुल-प्रियंका की फोटो थी और अंदर एक जोड़ी पेंट शर्ट का कपड़ा, दिवाली के लिए पूजा का सामान, दीये और एक मिठाई का डब्बा था। बांटे गए इन बैग को लेकर कयासबाजी इसलिए भी तेज हो गई है, क्योंकि 2019 के लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद से ना तो राहुल गांधी और ना ही प्रियंका गांधी, अमेठी में दोनों में से कोई भी एक्टिव नहीं था। अब, अचानक लोकसभा चुनाव से ठीक कुछ महीनों पहले बांटे गए ये गिफ्ट एक नई कहानी बयां कर रहे हैं।
स्मृति ईरानी ने बंटवाए 300 स्मार्टफोन
वहीं, स्मृति ईरानी ने अमेठी में करीब एक लाख घरों में दिवाली के मौके पर गिफ्ट भिजवाए हैं। स्थानीय नेताओं के मुताबिक, इन गिफ्ट्स में किसी के लिए साड़ी और मिठाई, किसी के घर खाना रखने का कैसरोल तो किसी के यहां मोबाइल फोन भिजवाया गया है। ये सभी गिफ्ट भी एक बैग में रखकर भिजवाए गए, जिनके ऊपर स्मृति ईरानी की फोटो लगी थी। भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी के जो कार्यकर्ता अमेठी में सोशल मीडिया टीम से जुड़े हैं, उनके बीच करीब 300 स्मार्टफोन बांटे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications