सोनिया गांधी और स्मृति ईरानी के बीच संसद में क्या हुआ था ? 'चश्मदीद' सांसद रमा देवी ने बताया
नई दिल्ली, 28 जुलाई: लोकसभा में कांग्रेस के नेता सदन अधीर रंजन चौधरी की देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला कांग्रेस और बीजेपी के बीच बड़ी जुबानी जंग में बदल गया है। लोकसभा के भीतर आज इस मसले पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी के बीच तीखी बहस की जानकारी मिल रही है। इस मसले पर भाजपा सांसद रमा देवी ने बताया है कि इस दौरान असल में हुआ क्या था? क्योंकि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी जिस तरह से भाजपा सांसद रमा देवी के पास आई थीं, उससे भाजपा के कुछ सांसदों ने खतरा महसूस किया और उन्होंने हमारी एक सदस्य से कहा कि 'आप मुझसे बात मत कीजिए।'
Recommended Video

सोनिया गुस्से में थीं- रमा देवी
बीजेपी सांसद रमा देवी ने संसद भवन के बाहर पत्रकारों को बताया है कि 'सोनिया गांधी का टोन बहुत गुस्से वाला था, जिससे ये सब शुरू हुआ।' लोकसभा के अंदर सोनिया और ईरानी के बीच हुई कथित बहस की ये सबसे अहम 'गवाह' हैं। सोनिया गांधी पूरा सदन को पार करके रमा देवी से ही बात करने आई थीं। कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सांसद से पूछा, 'अधीर रंजन चौधरी पहले ही माफी मांग चुके थे। मेरी गलती क्या है।' इसपर स्मृति ईरानी बीच में आ गईं। रमा देवी ने मीडिया वालों को बताया कि सोनिया ने ईरानी से काफी गुस्से में बात की और उनकी ओर (ईरानी की ओर)उंगली भी उठाई।
'सोनिया जी ने स्मृति जी से कहा- मैं आपसे बात नहीं कर रही हूं'
रमा देवी के मुताबिक, 'सोनिया जी मेरे पास आईं। सोनिया जी ने स्मृति जी से कहा- मैं आपसे बात नहीं कर रही हूं। आप मुझसे बात मत कीजिए। स्मृति जी ने कहा क्यों ? हमें क्यों नहीं बोलना चाहिए? आप रमा जी से बात करने आई हैं....' रमा देवी ने कहा, 'सोनिया जी बोलीं- मैं इनसे (रमा देवी से) बात करने आई हूं।' इसके साथ ही रमा देवी ने भी अधीर रंजन के बयान पर सोनिया गांधी से माफी की मांग कर दी है।
रमा देवी ने कहा-सोनिया को देश से माफी मांगनी चाहिए
रमा देवी बोलीं कि, 'राष्ट्रपति का इस तरह अपमान कौन बर्दाश्त कर सकता है? पिछड़ों की एक नेता, आदिवासियों की नेता, जिनका काम बोलता है, पार्टी नहीं। उन्हें ऐसे नेता (अधीर रंजन) को चुनने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए, जो कि इस तरह की बकवास बातें करते हैं...' जब बिहार के शिवहर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद से पूछा गया कि उन्हें ऐसा क्यों लगता है कि पार्टी के एक सांसद की टिप्पणी के लिए सोनिया को माफी मांगनी चाहिए ? इसपर उनका जवाब था, 'क्या वह नहीं जानती हैं? आपने किसी को नेता बनाया है- क्या उन्हें नहीं पता है कि वह किस तरह से बोलते हैं?'
इससे पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आरोप लगाया था कि सोनिया गांधी जिस तरह से वरिष्ठ नेता रमा देवी को खोजते हुए आईं, उससे हमारे कुछ लोकसभा सांसदों में डर की भावना है। उन्होंने हमारे एक सदस्य से कहा कि 'आप मुझसे बात मत कीजिए।'












Click it and Unblock the Notifications