मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं...कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वॉइन करने के बाद किरण कुमार रेड्डी ने बोली ये बात
आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम किरण कुमार ने कांग्रेस छोड़ भाजपा ज्वाइन करने पर क्या कहा?

आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को शुक्रवार को एक बड़ा झटका लगा है। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी जो पहले ही कांग्रेस छोड़ चुके थे उन्होंने आज भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन कर ली है। किरण कुमार रेड्डी ने नई दिल्ली में भाजपा के पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।

किरण कुमार रेड्डी ने कहा मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे कांग्रेस छोड़नी पड़ेगी... उन्होंने कहा एक कहावत है 'मेरा राजा बहुत बुद्धिमान है, वह अपने बारे में नहीं सोचता, किसी की सलाह भी नहीं सुनता।
याद रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता किरण कुमार रेड्डी ने मार्च में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना एक लाइन का इस्तीफा भेजा था।
11 मार्च को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे गए पत्र में किरण कुमार रेड्डी ने लिखा था कृपया इस पत्र को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से मेरे इस्तीफे के रूप में स्वीकार करें। याद रहे रेड्डी आंध्र प्रदेश के दो राज्यों में विभाजित होने से पहले प्रदेश के अंतिम मुख्यमंत्री थे।
आंध्र प्रदेश के विभाजन के फैसले का विरोध करते हुए किरण कुमार रेड्डी ने 2014 में तत्कालीन यूपीए सरकार के विरोध के तौर पर कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और 'Jai Samaikyandhra' नाम से अपनी पार्टी बनाई थी।उन्होंने कुछ निर्वाचन क्षेत्रों से उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उनकी पार्टी कोई कमाल नहीं दिखा सकी। 2018 में रेड्डी फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
शुक्रवार को किरण कुमार रेड्डी को भाजपा की सदस्यता दिलाते हुए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि रेड्डी की स्वच्छ छवि से आंध्र प्रदेश में बीजेपी को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा किरण कुमार रेड्डी के परिवार के कई सदस्य कांग्रेस में थे। कुछ समय पहले जब मैं उनसे मिला तो उन्होंने मुझे बताया कि वह पीएम मोदी से प्रभावित हैं।
प्रहलाद जोशी ने कहा आज रेड्डी बड़ी छलांग लगाते हुए भाजपा में शामिल हो रहे हैं। वह आंध्र प्रदेश में हमारी लड़ाई को मजबूत करेंगे क्योंकि विधायक और मंत्री के रूप में उनकी छवि बहुत साफ रही है। यह आंध्र प्रदेश में भाजपा के लिए एक बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
याद रहे कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ नेता और पूर्व रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी के बेटे अनिल के. एंटनी, जिन्होंने इस साल जनवरी में कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी उन्होंने भी गुरुवार को भाजपा ज्वाइन कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications